खेकड़ा। कोरोनो संक्रमण गांवों की तरफ बढ़ रहा है। बुखार से लोगों की मौत हो रही हैं। इससे ग्रामीणों में दहशत है। स्वास्थ्य विभाग ने गांवों की तरफ से मुंह मोड़ लिया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से गांवों में चिकित्सा कैंप लगवाकर कोरोना जांच कराने की मांग की है।
खेकडा क्षेत्र के गांव सांकरौद, मवीकला, रटौल, लहचौडा, फखरपुर, फिरोजपुर, सिंघौली तगा, गांवो में बुखार और कोरोना से दजनों मौत हो चुकी हैं। जिससे ग्रामीण दहशत में हैं। इसके बावजूद क्षेत्र के गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच के लिए नहीं पहुंच रही है। ग्राम प्रधान संगठन के जाकिर हसन रटौल, वेद सिंह ललियाना, हेम सिंह फखरपुर आदि का कहना है कि गांव में लगातार हो रही मौत से ग्रामीणों में दशहत है। उन्होंने जिलाधिकारी से सभी गांवों में नियमित रूप से कोविड जांच कराने की मांग की है।