रमाला। कासिमपुर खेड़ी निवासी विजय उर्फ गुड्डू को बहन की हत्या का बदला लेने के लिए मार दिया था। विजय के भाई ने दो माह पूर्व एकतरफा प्यार में कपिल की बहन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने विजय के एक हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका भाई अभी फरार है।
इंस्पेक्टर रवेंद्र यादव ने बताया कि बीती 13 जुलाई को कासिमपुर खेड़ी निवासी विजय उर्फ गुड्डू पुत्र भूपेंद्र का शव बराल गांव के जंगल में श्मशान मिला था। उसकी मां सुषमा ने गांव के ही दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने सोमवार सुबह आरोपी कैलिस उर्फ कपिल पुत्र महेंद्र निवासी कासिमपुर खेड़ी को बासौली नहर पुल से गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि विजय के छोटे भाई विनय ने दो माह पहले एकतरफा प्यार में कपिल की बहन अर्चना की गोली मारकर हत्या कर दी थी। विजय अपने भाई कपिल के मुकदमे की पैरवी कर रह था। बीती 12 जुलाई की शाम कपिल ने अपने भाई जॉनी के साथ मिलकर विजय को शराब पिलाई और गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी शव छोडक़र फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर रवेंद्र यादव ने बताया कि दूसरे आरोपी जॉनी की तलाश की जा रही है।