बागपत। जिले की दो महिला शिक्षकों की विडियो स्वयं प्रभा चैनल पर चलाने के लिए चयनित की गई है। शिक्षा निदेशक ने विगत दिनों शिक्षकों को विडियो बनाकर निदेशालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।
लॉकडाउन में छात्र छात्राओं को ऑनलाइन शिक्षण कराया जा रहा है। शिक्षक वर्चुअल क्लास और यू ट्यूब के माध्यम से समूह पर वीडियो भेजकर शिक्षण करा रहे हैं। शासन ने छात्र छात्राओं को स्वयं प्रभा चैनल के माध्यम से भी शिक्षण कराया जा रहा है। जिले से स्वयं प्रभा चैनल पर प्रसारित करने के लिए कक्षा 10वीं के विषयों पर शिक्षकों ने पांच-पांच मिनट की विडियो बनाकर निदेशालय को भेजी । निदेशालय की ओर से जिले की दो शिक्षिकाओं की विडियो का चयन किया तथा उन्हें 28-28 मिनट की विडियो बनाकर निदेशालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीआईओएस ओम दत्त सिंह ने बताया कि जिले की दो शिक्षिकाओं की विडियो निदेशालय में चयनित हुई है। निदेशालय ने राजकीय हाईस्कूल सूप की महिला शिक्षक छवि श्रीवास्तव को हाईस्कूल की गणित विषय की प्रायिकता पर और राजकीय हाईस्कूल मवीं कला की सुश्री भावना को गणित विषय पर ही वृत्तों से संबंधित क्षेत्रफल पर 28 मिनट की वीडियो बनाकर निदेशालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।