बागपत। दो माह की बच्ची कोरोना पॉजिटिव मिलने पर प्रशासन ने नगर को सील किया। पुलिस ने बाजार बंद कराकर लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी । शहर बंद होने के बाद लोग घरों में कैद हो गए । उनके सामने रोजमर्रा के सामान खरीदने की परेशानी आ रही है। महिलाओं ने कहा बाजार बंद होने के कारण काफी परेशानी है।
नगर के मुगलपुरा के कृष्णानंद रुहेला ने कहा व्यापारी वर्ग पिछले ढाई महीने से घरों में परिवार के साथ समय व्यतीत कर रहा है। शहर में महामारी फैली हुई है, इससे बचाव के लिए लोग घर पर रहने के लिए मजबूर हैं।
अनिल कुमार ने कहा उनकी किराना की दुकान है। लॉकडाउन होने के कारण व्यापार ठप हो गया है, मगर कर भी क्या सकते है, मजबूरी है। कोरोना की महामारी से बचना है तो घर पर ही रहना होगा। पूरा मोहल्ला लॉकडाउन के नियम का पालन कर रहा है। शकुंतला देवी ने कहा कोरोना की महामारी ने लोगों को घरों में कैद कर दिया। बाजार बंद होने के कारण रोजमर्रा की चीजों के लिए परेशानी हो रही है। बस जो घर में सामान रखा है, उसी से काम चला रहे हैं।
गांव की सीमाएं सील, पुलिस तैनात
चांदीनगर। पांची गांव में चार करोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद गांव को हॉट स्पॉट कर दिया । प्रशासन ने गांव से जुड़ी दूसरे गांव की सीमाएं सील कर दी है। गांव के चारों तरफ बैरिटेक लगाकर बाहरी लोगों पर प्रतिबंध लगा दिया। गांव के लोग सुरक्षा दृष्टि से अपने घरों में रहकर लॉकडाउन का पालन कर रहे हैं और एक दूसरे को कोरोना से बचाव के लिए जागरूक कर रहे हैं।