बागपत। प्रदूषण के कारण एक नवंबर से बागपत के व्यवसायिक 11,681 वाहनों के दिल्ली में घुसने पर रोक रहेगी। ये सभी बीएस-4 वाहन हैं और इससे बागपत के ईंट भट्ठा समेत सभी व्यापार प्रभावित होंगे। बसों को रोकने से यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ेगी। इस तरह वाहनों को दिल्ली में जाने से रोका जाएगा और बागपत में जन जीवन पर इसका असर पड़ेगा।
दिवाली के बाद से प्रदूषण ज्यादा बढ़ा है और एक्यूआई 300 के पार पहुंच रहा है। इसको देखते हुए दिल्ली के बाहर से पंजीकरण वाले बीएस-4 व्यवसायिक वाहनों के वहां आने पर रोक लगाई जा रही है। यह रोक एक नवंबर से लागू होगी और इसके बाद बीएस-4 वाहन अंदर नहीं जा सकेंगे। यहां से ऐसे डीजल के 6755 और पेट्रोल के 4926 वाहनों का पंजीकरण है। इन वाहनों के दिल्ली नहीं जाने से सभी व्यापार व उद्योगों को नुकसान झेलना पड़ेगा। इससे आम लोगों के साथ ही व्यापारी, उद्यमी सभी जूझते नजर आएंगे।
- ईंट भट्ठा व्यापार सबसे अधिक प्रभावित होगा
जिले में 425 ईंट भट्ठे हैं और यहां से सबसे अधिक ईंट दिल्ली, नोएडा व गाजियाबाद में सप्लाई होती हैं। व्यवसायिक वाले बीएस-4 वाहनों पर दिल्ली में रोक लगने से सबसे अधिक ईंट भट्ठा व्यवसाय प्रभावित होगा। इन वाहनों का ईंट ढोने में ज्यादा इस्तेमाल होता है। इसके अलावा वहां से किराना का सामान, कपड़े, सब्जी, फल आदि को लेकर आने की समस्या भी झेलनी होगी।
- बीएस-4 वाले निजी वाहनों को अभी नहीं रोका जाएगा
बागपत में बीएस-4 वाले निजी वाहन भी काफी पंजीकृत हैं। यहां से ऐसे पेट्रोल के 35,374 और डीजल के 1,248 वाहनों का पंजीकरण है। इन वाहनों पर अभी दिल्ली में घुसने पर रोक नहीं लगाई गई है। प्रदूषण ज्यादा बढ़ता है तो उसको देखते हुए निर्णय लिया जा सकता है।
- दस बसों पर पड़ेगा असर, यात्री होंगे परेशान
बड़ौत डिपो से नगर व देहात क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर 184 बसों का संचालन हो रहा है। इनमें से बीएस-4 की 30 बसें हैं और दस बसों को लोनी गोल चक्कर तक चलाया जाता है। इन बसों को एक नवंबर से रोकना पड़ेगा और इससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ेगी। ऐसे में परिवहन विभाग के अधिकारी दूसरी बसों को इस मार्ग पर चलाने की तैयारी भी कर रहे हैं।
यहां से ट्रकों में रोजाना एक लाख से ज्यादा ईंटों की दिल्ली में सप्लाई होती है। दिल्ली में ट्रकों के घुसने पर रोक लगाने से करोड़ों का व्यापार प्रभावित होगा। इस समस्या का सरकार को कोई हल निकालना चाहिए, जिससे व्यापार प्रभावित नहीं हो। - नीरज नैन, कोषाध्यक्ष ईंट निर्माता समिति बागपत
बीएस-4 वाले व्यवसायिक वाहनों पर एक नवंबर से दिल्ली में घुसने पर रोक लगाई गई है। इसके बाद भी इन वाहनों को कोई दिल्ली में लेकर जाता है तो वहां इन पर जुर्माना लगाया जाएगा। यह कार्रवाई दिल्ली के अधिकारियों के स्तर से होगी। - राघवेंद्र सिंह, एआरटीओ