टोल की खबर से संबंधित फोटो। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे स्थित जिवाना टोल । संवाद
- फोटो : Self
रमाला। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन होने के बाद दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे के वाहन उस पर शिफ्ट हो गए हैं। इसके चलते दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर टोल वसूली भी एक तिहाई रह गई और टोलकर्मी दिनभर खाली बैठे रहते हैं।
14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया था। इसके बाद से दिल्ली से देहरादून जाने वाले वाहन चालकों ने एक्सप्रेसवे पर जाना शुरू कर दिया। आठ दिन में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे के अधिकांश वाहन दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर शिफ्ट हो गए हैं और नेशनल हाईवे दिनभर खाली नजर आने लगता है। नेशनल हाईवे पर लोकल के वाहनों की भीड़ देखी जा रही है।
नेशनल हाईवे पर जिवाना टोल प्लाजा पर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन होने से पहले रोजाना 12 हजार से अधिक वाहन पहुंचते थे, जिनसे टोल वसूला जाता था, लेकिन अब वाहनों की संख्या घटकर चार हजार के आसपास रह गई है। रोजाना का यही आंकड़ा दर्ज किया जा रहा है। जिवाना टोल प्लाजा के प्रबंधक राहुल चौधरी ने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन होने के बाद 70 फीसदी वाहन घट गए हैं। इससे लाखों रुपये टोल वसूली भी प्रभावित हो रही है।