बड़ौत सीएचसी में भर्ती घायल सब्जी व्यापारी।
- फोटो : amar ujala
बागपत के बड़ौत में सब्जी बेचकर जुगाड़ से घर आ रहे व्यापारी से गुराना और नेहरू रोड के बीच 5-6 युवकों ने हमला कर सात हजार रुपये लूट लिए। शोर मचाने पर जब उसके भाई वहां पहुंचे तो उन्होंने सब्जी व्यापारी और उसके भाइयों को चाकू मारा और मारने की धमकी देकर भाग गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
नेहरू रोड स्थित कश्यप गली निवासी सन्नी पुत्र प्रेमपाल जुगाड़ में आसपास के गांवों में सब्जी बेचता है। बृहस्पतिवार की रात में जब वह गांवों में सब्जी बेचकर वापस अपने घर जुगाड़ से आ रहा था तो उसके जुगाड़ के टायर में नेहरू और गुराना रोड के बीच पंचर हो गया और वह पंचर लगवाने लगा। जब उसने थैले से पैसे निकालकर दिए तो पास ही में खड़े 3-4 युवकों ने बैग में पैसे देख लिए और लूट की योजना बना ली।
जब वह जुगाड़ में बैठकर चलने लगा तो युवकों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला किया। हमले की सूचना पर उसका छोटा भाई आकाश और दोस्त पिंकू पुत्र सक्रम पाल भी वहां पहुंच गए। हमलावरों ने तीनों के साथ लाठी, बेल्टों से हमला किया और चाकू मारा। हमलावर सन्नी से 7 हजार रुपये लूटकर भाग गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती किया। सन्नी ने तीन के खिलाफ तहरीर दी।