बड़ौत। कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए जनता में जागरूकता बढ़ी तो अब वैक्सीन की कमी हो गई। जिसको लेकर लोगों ने हंगामे खड़े कर दिए। मंगलवार को
सीएचसी पर वैक्सीन खत्म होने पर आक्रोशित लोगों ने हंगामा किया। हालांकि चिकित्सकों ने नाराज लोगों को समझाने का प्रयास किया। साथ ही वैक्सीन उपलब्ध होने के बाद सभी को टीका लगाए जाने का आश्वासन दिया।
हंगामा करने वाले लोगों ने कहा कि पिछले एक सप्ताह से वैक्सीनेशन कराने के लिए सीएचसी पर चक्कर लगा रहे हैं। कभी नंबर नहीं आ रहा है तो कभी वैक्सीन खत्म होने के कारण वापस लौट रहे हैं। मंगलवार को भीषण गर्मी के दौरान सभी लोग सीएचसी पर वैक्सीन लगवाने पहुंचे। लेकिन वैक्सीन न होने की जानकारी पाकर सभी आक्रोशित हो गए। प्रमोद, कपिल, सुधीर, देवेन्द्र, सुभाष, मोनू और देवेश ने आरोप लगाया कि वैक्सीन के नाम पर जनता को परेशान किया जा रहा है। उधर सीएचसी अधीक्षक डॉ विजय कुमार का कहना था कि वैक्सीन कम मिल रही है, जिस कारण जनता परेशान है।