बड़ौत। पूर्वी यमुना नहर पर शताब्दी नगर के पास रखे 250 केवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर से मंगलवार को तेल चोरी करने का प्रयास कर रहे दो लोगों को विद्युत कर्मियों ने धर दबोचा और उनकी जमकर पिटाई करके पुलिस को सौंप दिया। इनका एक साथी फरार बताया जा रहा है। ऊर्जा निगम कर्मचारियों ने कोतवाली पर तहरीर दी है। देर शाम तक भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
लाइनमैन धर्मेन्द्र कुमार, जेई गुलशन कुमार व जेई राकेश ढाका का कहना है कि वह मंगलवार को पूर्वी यमुना नहर पर शताब्दी नगर के पास राजस्व वसूली को लेकर चेकिंग कर रहे थे। तभी उन्हें सूचना मिली कि विद्युत ट्रांसफार्मर से दो तीन लोग तेल चोरी करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने मौके पर पहुंचकर दो लोगों को पकड़ लिया। जबकि एक फरार हो गया। बताया गया है कि विद्युत कर्मियों ने दोनों लोगों को मारपीटकर पुलिस को सौंप दिया। सीओ आलोक कुमार का कहना है कि विद्युत कर्मियों ने दो लोग पुलिस को सौंपे हैं। जांच पड़ताल के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।