पहली डोज में महिला 861 व पुरुष 781 व दूसरी डोज 116 महिला व 173 पुरूष को लगी
बागपत/दोघट/छपरौली। जिले में सोमवार को 32 सत्रों में 1976 लाभार्थियों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। 996 महिला और 980 पुरुष लाभार्थियों ने कोरोनारोधी टीका लगवाया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी सत्रों में 4000 लाभार्थियों का टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया था, इनमें से 2024 लाभार्थी टीकाकरण के लिए नहीं पहुंचे।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एसीएमओ डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि सोमवार को जिले में 32 सत्रों में 4000 लाभार्थियों का टीकाकरण करने का माइक्रो प्लान तैयार किया। विभाग ने बागपत, बड़ौत, बिनौली, छपरौली, पिलाना ब्लॉक, खेकड़ा ब्लॉक में 32 सत्र लगाए हैं। सोमवार को 861 लोगों ने पहला टीका व 781 ने दूसरा टीका लगवाया। इनके अलावा 45 से 60 वर्ष तक के 102 लाभार्थी व 60 वर्ष से ऊपर की आयु के लाभार्थियों ने कोरोना का पहला टीका लगवाया।
डीएम राजकमल यादव, सीएमओ डॉ. आरके टंडन, सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभास राजपूत ने सीएचसी बागपत का निरीक्षण किया। उधर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दोघट, टीकरी, निरपुड़ा, दाहा, पुसार में पांच टीकाकरण सेंटर बनाए। इसमें स्वास्थ्य विभाग में 625 लोगों टीकाकरण का लक्ष्य रखा, लेकिन शाम तक 355 लोगों को टीकाकरण हुआ। ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार ने बताया कि टीकाकरण के बाद किसी भी व्यक्ति को कोई परेशानी नहीं हुई है। इस मौके पर डॉ. गौरव चौधरी, शीतल, मनु, रोशन, आंचल, सुचेता, बालेश धामा आदि मौजूद रहे।
कस्बा छपरौली में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, छपरौली व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आदर्श नगला में सोमवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक 45 वर्ष पूरे कर चुके व्यक्तियों को कोरोना वैक्सीन का टीकाकरण किया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद मलिक व वीरेंद्र सिंह की देखरेख में एएनएम अंजू व नीतू सिंह ने व पीएचसी नंगला में डॉ. चक्रेश की देखरेख में एएनएम कुसुमलता व पारुल टीके लगाए। डॉ. अरविंद मलिक ने बताया 91 लाभार्थियों का टीकाकरण किया । इसमें सीएचसी छपरौली मे 43 लाभार्थियों में 31पुरुष एवं 12 महिलाएं व पीएचसी आदर्श नंगला में 48 लाभार्थियों मे 17 पुरुष व 31 महिलाएं लाभार्थियों को करोनोरोधी टीका लगाया । इस दौरान डॉ. वीरेंद्र सिंह, डॉ. ओम पाल बेबी सोम, नीतू, अंजू खोखर, वीर प्रताप चौहान, सचिन मलिक, विवेक आदि मौजूद रहे।