हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने दी धरने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। खेड़ा गांव में बृहस्पतिवार को गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना पाकर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने हंगामा-प्रदर्शन किया। इस दौरान उनकी पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि कोतवाली प्रभारी ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया। उधर, कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो मतगणना के बाद कोतवाली में धरना दिया जाएगा।
हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि खेड़ा गांव के जंगल में आधा दर्जन से अधिक गोवंश के अवशेष पड़े हैं। उन्हें चुपचाप पुलिसकर्मी दफना रहे हैं। सूचना पाकर काफी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन गोवंशों को मौत के घाट उतारा जा रहा है। जानकारी देने के बाद भी पुलिस-प्रशासन इस पर अंकुश लगाने में नाकाम है। इससे हिंदू धर्म के लोगों में आक्रोश है। इस पर जल्द से जल्द अंकुश लगना चाहिए। इस दौरान उनकी पुलिसकर्मियों के साथ नोकझोंक भी हुई। मामला बढ़ने की जानकारी पाकर कोतवाल मगनवीर सिंह गिल उनके बीच पहुंचे और समझा-बुझाकर शांत किया। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो मतगणना के बाद कोतवाली में धरना दिया जाएगा। इस अवसर पर अंकित बड़ौली, प्रमोद शर्मा, नितिन जैन, नवीन, प्रवीण, सुभाष सहित अन्य शामिल रहे।