डिप्टी सीसी का घेराव कर जतायी नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी
बड़ौत। पर्चियां न आने के विरोध में शनिवार को कई गांवों के किसानों ने सहकारी गन्ना विकास समिति मलकपुर के कार्यालय पर हंगामा किया। किसानों ने डिप्टी सीसी का घेराव कर नाराजगी जतायी।
किसानों की शिकायतों पर शनिवार को उप गन्ना आयुक्त मेरठ राजेश मिश्रा सहकारी गन्ना विकास समिति मलकपुर कार्यालय पर पहुंचे। हंगामा कर रहे मलकपुर, बड़ौली, वाजिदपुर, गुराना आदि गांवों के किसान उप गन्ना आयुक्त का घेराव किया। किसानों ने कहा कि गन्ना मिल संचालित हुए तीन सप्ताह से अधिक समय हो गया है, लेकिन अभी तक 70 प्रतिशत लोगों को पर्चियां नहीं मिल रही हैँ। कई गांव में गन्ना क्रय केन्द्र चालू नहीं हो पाए हैं। काफी किसानों के बांड बंद कर दिए गए। किसानों ने समिति कर्मचारियों पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया। डिप्टी सीसी ने मामले की जांच के आदेश देते हुए किसानों को शांत किया। प्रदर्शन करने वालों में दीपक, इकबाल, रमेश, जयप्रकाश, विकास, नरेश डायरेक्टर, हरेन्द्र, हरिओम, राममेहर, सुधीर आदि रहे।