दिल्ली-सहानपुर हाईवे स्थित ट्रांसफार्मर वर्कशाप पर नए ट्रांसफार्मर देने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए किसानों ने हंगामा किया। इस दौरान उनकी वर्कशाप कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक हुई। हंगामा बढ़ता देख सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। किसानों ने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार की देर शाम खामपुर लुहारी, ढिकाना, जौनमाना, बावली, गुराना आदि गांव के किसानों ने ट्रांसफार्मर वर्कशाप पर जमकर हंगामा किया। उनकी वर्कशाप पर तैनात गार्ड से भी नोकझोंक हुई। शुक्रवार की तड़के बिनौली, बरनावा, वाजिदपुर, बिजरौल, दोघट, हिलवाड़ी, रमाला, छपरौली, किरठल, तुगाना, लूंब, बड़ौली, दाहा, भड़ल आदि सहित कई गांव के ग्रामीणों ने हंगामा किया।
इस दौरान उनकी वर्कशाप पर तैनात कर्मचारियों, गार्ड व अन्य से नोकझोंक भी हुई। किसानों का कहना था कि वर्कशाप पर तैनात कर्मचारी दलालों से मिलीभगत कर किसानों से अवैध वसूली कर रहे हैं। नया ट्रांसफार्मर देने के एवज में किसानों से तीन से चार हजार वसूले जा रहे है।
आरोप लगाया कि जो किसान स्वयं ट्रांसफार्मर लेकर वर्कशाप पर आता है तो उसे देने से इंकार कर दिया जाता है, बाद में कर्मचारियों के इशारे पर वर्कशाप के आसपास मौजूद दलाल किसानों को ट्रांसफार्मर दिलाने के नाम पर अवैध वसूली करते हैं। स्टोरकीपर विजयवीर ने कहा कि किसानों से अवैध वसूली बर्दास्त नहीं होगी। मामले की जांच कराई जाएगी।
दोषी मिलने वाले कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। हंगामा करने वालों में मोहर सिंह, चंदन, सुखवीर, नरेंद्र, नेत्रपाल, आजाद, भगत सिंह, हरेंद्र, सुरेंद्र खोखर, हरवीर, नवीन, राजेंद्र, उमेश, प्रदीप, संजीव, देवेंद्र रहे।