खेकड़ा। खेकड़ा कृषि उत्पादन मंडी समिति के गेहूं क्रय केंद्र पर गेहूं बेचने वाले किसानों की भारी भीड़ जुटी है। गेहूं की तौल न होने पर आक्रोशित किसानों ने हंगामा कर डीएम से गेहूं की तौल कराने की मांग की।
नगर में डूंडाहैडा मार्ग स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति में गेहूं तौल के लिए तौल केंद्र स्थापित हैं। यहां पर गेहूं तौल कराने के लिए कई दिन से किसानों की भीड़ लगी है। मंगलवार को गेहूं तौल न होने पर आक्रोशित किसानों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने कहा वह कई दिन से गेहूं से लदे ट्रैक्टर ट्राली लेकर केंद्र में डेरा डाले हैं। इसके बाद भी उनके गेहूं की तौल नहीं की जा रही है। गेहूं लदे ट्र्रैक्टर ट्राली खुले में खड़ी हैं। यदि बारिश आई तो उनका गेहूं भीग जाएगा। इससे उन्हें मोटा नुकसान होगा। मंडी के अधिकारी उनकी सुनवाई नहीं कर रहे हैं।
मंगलवार को भी उनके गेहूं की तौल नहीं की गई। इससे परेशान किसानों ने डीएम राजकमल यादव को फोन कर समस्या से अवगत कराया और गेहूं तुलवाने की मांग की। डीएम से शिकायत करने के बाद भी मंगलवार शाम तक भी उनका गेहूं नहीं तौला गया। एसएम आई एके जैन का कहना है कि जो भी किसान केंद्र पर गेहूं लेकर पहुंचे हैं। उनके गेहूं की तौल कराई जाएगी।