बिनौली (बागपत)। रंछाड़ गांव में कृष्णा नदी किनारे रखे केमिकल के कट्टों से तेज दुर्गंध फैल गई। इस दुर्गंध के कारण पास के लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए पुलिस को मौके पर बुलाया।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए केमिकल के कट्टों को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के कुछ लोग दिल्ली से लगभग 300 केमिकल के कट्टे लाए थे। इन्हें कृष्णा नदी के किनारे श्मशान घाट के पास रख दिया गया था। आरोप है कि बारिश होने पर केमिकल बहने लगा, जिससे दुर्गंध और बढ़ गई। इस दुर्गंध से कॉलेज के विद्यार्थियों की परेशानी काफी बढ़ गई थी। दोपहर में कुछ लोग इन कट्टों को दूसरी जगह हटाने का प्रयास कर रहे थे, तभी ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिसकर्मियों ने केमिकल के प्रयोग के बारे में जानकारी हासिल करने का प्रयास किया। हालांकि, कट्टे रखने वाले लोगों ने इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। इस मामले में सीओ सुकन्या शर्मा ने बताया है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद जांच की जाएगी। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।