समस्या का समाधान न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
बालैनी। अमीपुर बालैनी गांव के मुख्य मार्ग पर कीचड़ और गंदगी के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गंदगी होने के कारण लोगों का मार्ग से निकलना दुभर है। ग्रामीणों को संक्रामक रोग होने की आशंका है। शनिवार को समस्या का समाधान कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा किया। उन्होंने समस्या का जल्द समाधान न होने पर कलक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी।
गांव के नितेश, अरुण, रामकुमार, निरंजन ने बताया कि गांव का मुख्य मार्ग पूरी तरह खस्ताहाल है। सात वर्षों से मार्ग की मरम्मत न होने के कारण मार्ग में गड्ढे बन गए हैं। लोगों को मार्ग से निकलने में परेशानी उठानी पड़ती है। देर रात से जोरदार बारिश के कारण मार्ग पर जलभराव होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। शनिवार को ग्रामीणों ने हंगामा कर समस्या का समाधान कराने की मांग की। उन्होंने समस्या का जल्द समाधान न होने पर डीएम कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। इस मौके पर अनिरुद्ध, मोनू यादव, वेदराम, नितिन यादव, जसवंत सिंह, रवि यादव, राकेश, विमला, कुसुम, अनिता व शकुंतला आदि मौजूद रहे।