बागपत। मेरठ जिले के उकलीना गांव निवासी ट्रक चालक (32) गुलाम मोहम्मद की हार्ट अटैक से निवाड़ा गांव के निजी नर्सिंग होम में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिवार वाले उसका शव लेकर जिला अस्पताल आ गए तो वहां हंगामा हो गया। आरोप लगाया कि निजी नर्सिंग होम संचालक पक्ष के लोगों ने गुलाम मोहम्मद के भाई इकरामुद्दीन और चचेरे भाई सोनी के साथ मारपीट की। वहां आए पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
मेरठ जनपद के उकलीना गांव निवासी इकरामुद्दीन ने बताया कि उसका भाई गुलाम मोहम्मद ट्रक चलाता था, जो बुधवार रात ट्रक लेकर सोनीपत के खरखाैदा गांव गया था। वहां पर बुधवार देर रात गुलाम मोहम्मद की तबीयत बिगड़ गई। इसके बारे में गुलाम मोहम्मद ने फुफेरे भाई को फोन करके बताया। फुफेरे भाई के परिचितों ने निवाड़ा के एक निजी नर्सिंग होम में बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे भर्ती करा दिया। सुबह करीब आठ बजे गुलाम मोहम्मद से फोन पर बात हुई और वे अस्पताल पहुंचे तो गुलाम मोहम्मद मृत पड़ा मिला। उन्होंने मौत का कारण पूछा तो नर्सिंग होम संचालक सही जवाब नहीं दे पाए। परिजनों के साथ अपने भाई का शव लेकर जिला अस्पताल आ गए तो नर्सिंग होम संचालक पक्ष के युवक भी पीछे-पीछे आ गए और शव वापस ले जाने का दबाव बनाने लगे।
आरोप लगाया कि वहां पर नर्सिंग होम संचालक पक्ष के युवकों ने उनके साथ अभद्रता की और विरोध करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। उन्होंने अस्पताल संचालक पर लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया। गुलाम मोहम्मद के परिवार में पत्नी और पांच बेटियां हैं। इस मामले में जांच अधिकारी ब्रजेश कुमार का कहना है कि ट्रक चालक की मौत होने का मामला संज्ञान में आया है। परिजनों ने हार्ट अटैक से मौत होना बताकर पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और शव अपने साथ लेकर चले गए।