वीशु चौधरी ने अमर उजाला से बातचीत करते हुए बताया कि उन्होंने प्रतिदिन करीब 15-16 घंटे पढ़ाई करके यह सफलता हासिल की है। वीशु चौधरी का सपना डॉक्टर बनने का है। वह आगे पढ़ाई करके डॉक्टर बनना चाहते हैं।
बताया गया कि वीशु चौधरी के पिता उपेंद्र चौधरी श्रीराम इंटर कॉलेज के डायरेक्टर के हैं। उन्होंने वीशु की सफलता पर पूरे स्कूल में मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। जबकि वीशु की मां गृहणी हैं।
वीशु ने प्रदेश में लहराया परचम
यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट के रिजल्ट में श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र वीशु चौधरी ने परचम लहराते हुए 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
किस विषय में कितने अंक?
मूल रूप से तवेलागढ़ गांव हाल बड़ौत निवासी उपेंद्र चौधरी के बेटे वीशु चौधरी ने यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट रिजल्ट में 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर यूपी में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। वीशु चौधरी ने अंग्रेजी में 98, भौतिक विज्ञान में 98, केमिस्ट्री में 97, हिंदी में 96 व बायो में 99 अंक प्राप्त कर कुल 500 में से 488 प्राप्त किए हैं।
वीशु इसलिए बनना चाहते हैं डॉक्टर
वीशु डॉक्टर इसलिए बनना चाहते हैं ताकि क्षेत्र के लोगों की स्वास्थ्य सेवाएं कर सकें। वहीं, उनकी सफलता पर कॉलेज में मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया गया। खुशी जताने वालों में कॉलेज के डायरेक्टर उपेंद्र चौधरी, कॉलेज के प्रधानाचार्य राजीव तोमर, योगेश राणा, रणपाल मोनिका, गौरव वर्मा आदि शामिल रहे।