बागपत। यूपीसीडा का कार्यालय गाजियाबाद जिले के ट्रोनिका सिटी में संचालित हो रहा है, इससे जिले के उद्यमियों को अपनी समस्या का समाधान कराने के लिए वहां जाना पड़ रहा है। अब उद्यमियों की समस्या का समाधान कराने के लिए औद्योगिक क्षेत्र के प्रशासनिक भवन के कमरा नंबर एक में यूपीसीडा के अधिकारी बैठकर समस्याओं का समाधान कराएंगे।
उद्यमियों ने कई बार अफसरोंं से कलक्ट्रेट या फिर औद्योगिक क्षेत्र में यूपीसीडा के कार्यालय का संचालन कराने की मांग की। इस पर अफसरों ने संज्ञान लिया और औद्योगिक क्षेत्र में प्रशासनिक भवन में कमरा नंबर एक यूपीसीडा के अफसरों के लिए आवंटित कर दिया। वहां पर कार्यालय संचालन की व्यवस्था भी पूरी करा दी गई है और अलग-अलग अफसरों की ड्यूटी भी लगा दी गई है। इससे जिले के उद्यमियों को ट्रोनिका सिटी तक दौड़ लगाने से राहत मिलेगी। इस मामले में यूपीसीडा की परियोजना अधिकारी शर्मिला पटेल का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में जल्द ही कार्यालय का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।