प्रभारी राज्यमंत्री का घेराव कर उलझते संविदा स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : amar ujala
बागपत में प्रदेश के स्वास्थ्य राज्य मंत्री एवं बागपत के प्रभारी मंत्री सुधीर कुमार रावत ने कहा कि युवा हौसले और नई तकनीक से यूपी आगे बढ़ रहा है। जब तक यूपी नहीं बढ़ेगा, हिंदुस्तान आगे नहीं बढ़ेगा। कंप्यूटराइजेशन के युग में मुख्यमंत्री ने लैपटाप देकर युवा छात्रों को अग्रणी पंक्ति में खड़ा किया।
स्वास्थ्य राज्यमंत्री मंगलवार को कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित समाजवादी विकास दिवस के कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चहुंमुखी विकास एवं जनकल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की हैं जिनका लाभ बडे़ पैमाने पर समाज के गरीब, पिछडे़ और कमजोर वर्ग के लोगों को मिला है। मुख्यमंत्री युवा है और उन्होंने प्रदेश की योजनाओं को रफ्तार दी है। इस दौरान उन्होंने तीन ऐंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री का संदेश भी पढ़कर सुनाया। पशुधन विभाग के सलाहकार चौधरी साहब सिंह और राज्य मंत्री कुलदीप उज्ज्वल ने भी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। जनपद के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव कुमार कमलेश ने बताया कि शासन स्तर पर कोई भी प्रकरण लंबित न रहे, इसके लिए वह लगातार प्रयास करते रहेंगे। जिलाधिकारी अजयदीप सिंह ने कहा कि आईजीआरएस प्रणाली अभी प्रदेश के अलावा अन्य किसी प्रदेश में नहीं है। बताया कि 37 सोलर पंप स्थापित कराए गये है, जिन पर 50 प्रतिशत अनुदान है।
40 हजार किसान जनपद में पंजीकृत है और 11 हजार लोग कृषि विभाग की योजनाओं से लाभान्वित हो चुके है। सड़कों के क्षेत्र में काम हो रहा है। दिल्ली सहारनपुर हाईवे शीघ्र ही बनवाया जाएगा। 17 नये उपकेंद्र बनाये गये और 5 निर्माणाधीन है। कौशल विकास मिशन के अंतर्गत 1044 युवाओं को ट्रेनिंग दी गई, जिनमें से 100 युवा रोजगार कर रहे है। 100 बेड का मैटरनिटी होम बनकर तैयार है। 18158 लोगों को समाजवादी पेंशन स्वीकृत की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने भी जनपद में संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर सभी विभागों के अधिकारी, योजनाओं के लाभार्थी एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।