फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: बागपत में बारिश का कहर, तहसील का हॉल और 16 मकान गिरे, 10 में आई दरारें, महिलाओं समेत कई घायल

Wed, 03 Sep 2025 10:56 PM IST
मोहम्मद मुस्तकीम अमर उजाला नेटवर्क, बागपत

सार

Baghpat News: कई दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण जिले में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। मकान गिरने से घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। 
विज्ञापन
बिनौली में बारिश के बाद गिरा मकान। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिले में बुधवार को बागपत तहसील की तीसरी मंजिल पर बना हॉल भरभराकर गिर गया, जबकि अलग-अलग जगहों पर 16 मकान भी गिर गए। मलबे के नीचे दबने से महिला समेत तीन घायल हो गए, जिन्हें लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल में उपचार कराया गया। 10 से अधिक मकानों में दरार भी आ गईं। इसके अलावा मलबे में दबने से लाखों रुपये का सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
विज्ञापन

 

नांगल गांव में मकान की छत गिरने के बाद घायल हुए लोग व मौजूद ग्रामीण। - फोटो : अमर उजाला
पिछले कई दिन से हो रही बारिश के कारण बुधवार दोपहर को तहसील में तीसरी मंजिल पर बना हॉल भरभराकर गिर गया। उसके गिरते ही तहसील में बैठे अधिकारियों और कर्मियों में भगदड़ मच गई। कानूनगो कुलदीप शर्मा, यशवीर पेशकार व मनमीत चेनमैन समेत अन्य कर्मियों ने भागकर जान बचाई। तीसरी मंजिल पर गिरे हॉल का मलबा तहसील परिसर में नीचे और पीछे सड़क पर जाकर गिरा। उसकी चपेट में आने से नीचे खड़े कई कर्मी और पीछे सड़क से गुजर रहे कई लोग बाल-बाल बच गए।
 

ब्राह्मणपुटठी गांव में बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुआ देवेंद्र का मकान। - फोटो : अमर उजाला
बिनौली में दो मकानों की छत गिरी
दिनभर हुई बारिश के कारण मंगलवार रात बिनौली के टंकी वाले मोहल्ले में मोमीन और अली मोहम्मद के मकानों की छत गिर गई। इससे बराबर के कमरे में सो रहे मोमीन, उसकी पत्नी और बच्चे बच गए, जबकि मकान में रखा लाखों रुपये का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा अली मोहम्मद के मकान में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों ने पीड़ितों को नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की।
 

बागपत में बारिश के दौरान तहसील की तीसरी मंजिल पर गिरा भवन। - फोटो : अमर उजाला
गौना, लहचौड़ा समेत चार गांवों में आठ मकानों की छत गिरी
रटौल के गौना सहबानपुर, लहचौड़ा, अहमदनगर गांव में दो दिन से हो रही भारी बारिश के कारण कई मकानों में दरार आ गई। गौना सहबानपुर निवासी पिंटू ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब चार बजे उसके तीन मकानों छत गिर गई। इससे करीब चार लाख रुपये का नुकसान हो गया। इसके अलावा सुरेश के मकान की दीवार गिर गई। इससे वहां खेल रहे बच्चे बाल-बाल बच गए। 
उधर, राजकुमार के घेर की दीवार गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई। लहचौड़ा गांव निवासी जयकुमार शर्मा के मकान की दीवार, अहमदनगर में प्रदीप व आनंद के मकानों की दीवार और छत गिरने से नुकसान हो गया। इसके अलावा छह-सात मकानों में दरारें भी आ गई हैं।
 

मकान के मलबे में दबने से महिला और दो बेटे घायल
छपरौली के नांगल गांव निवासी विधवा महिला शोभा देवी अपने दो बच्चों के साथ मकान में सो रही थी। बुधवार की सुबह करीब तीन बजे उसका मकान भरभराकर गिर गया। इससे शोभा देवी और उनके दोनों बच्चे मलबे के नीचे दब गए। शोर सुनकर वहां आए पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकाला और सीएचसी में उपचार कराया। जहां से दो की हालत गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। 
इनके अलावा चांदनहेड़ी गांव में नौशाद का मकान गिर गया, उसके परिवार वालों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। मलबे के नीचे दबने से घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गया। इनके अलावा ग्रामीण विकास, जगतपाल व कृष्णपाल ने बताया कि उनके मकान जर्जर हो चुके हैं, जिनका कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ है।
 

छत की कड़ी टूटते ही बच्चों को लेकर बाहर भागी महिला
बारिश के कारण मांगरौली गांव निवासी सलमान के मकान की कच्ची छत की दो कड़ी टूटकर नीचे गिरी। इसे देखते ही सलमान की पत्नी शहनुमा अपने बच्चों अर्श और साद को लेकर बाहर भागी। इससे तीनों मलबे की चपेट में आने से बच गए। इनके अलावा पुसार गांव निवासी विकास कश्यप के मकान की दीवार भी गिर गई और कई मकानों में दरार आ गई।
पूठड़ में भरभराकर गिरी दुकान की छत
अमीनगर सराय के पूठड़ गांव निवासी महिपाल ने बताया कि मंगलवार रात दुकान बंद कर घर चला गया था। कुछ देर बाद ही दुकान की छत और दीवारें गिर गईं। इससे दुकान में रखा सामान मलबे में दबने से क्षतिग्रस्त हो गया। वहां आए लोगों ने उसे बुलाया। महिपाल ने बताया कि दुकान गिरने से एक लाख रुपये से अधिक का सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
 

मकान की छत गिरने पर महिला और बच्चों ने भागकर बचाई जान
ब्राह्मण पुट्ठठी गांव में मंगलवार देर रात बारिश के कारण विधवा महिला सुंदरी का मकान भरभराकर गिर गया। तभी सुंदरी ने अपने दो बच्चों को लेकर बाहर भागकर जान बचाई। प्रधान राजीव कुमार ने बताया कि मलबे के नीचे दबने से सारा सामान क्षतिग्रस्त हो गया।

बिजली गिरने से विद्युत उपकरण फुंके
छपरौली कस्बे की पट्टी धंधान में मंगलवार देर रात बिजली गिर गई, इससे लोग भयभीत हो गए और राजन के मकान में टीवी, फ्रिज समेत अन्य उपकरण फुंक गए। जबकि मकान में दरार भी आ गई। उनके साथ उनके पड़ोसी रामकुमार, राजबीर ने बताया कि बिजली गिरने से उनके घरों में लगे विद्युत उपकरण भी फुंक गए। इससे तीनों मकानों में एक लाख रुपये से अधिक नुकसान हो गया।
 
विज्ञापन

जिवाना में बिजली गिरने से कई घरों के उपकरण फुंके
जिवाना गांव के ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार को धर्मवीर के मकान पर बिजली गिरने से दीवारों में दरार आ गई और विद्युत उपकरण फुंक गए। गमीनत रही कि हादसा टल गया। उधर, बिजली गिरने से पड़ोसी राकेश, जसवीर और कृष्णपाल के मकानों में लगे पंखे, टीवी, इन्वर्टर समेत अन्य उपकरण भी खराब हो गए।

बिजली गिरने से सिरसली में ट्रांसफार्मर फुंका, आपूर्ति ठप
सिरसली गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास लगे विद्युत ट्रांसफार्मर पर बुधवार को बिजली गिर गई। इससे ट्रांसफार्मर फुंक गया और गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के अफसरों को फोन कर इसकी जानकारी दी।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें