Baghpat News: सैलून संचालक कय्यूम का बेटा आरिश बृहस्पतिवार से लापता था। उसका लहूलुहान शव एक किसान के खेत में पड़ा मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रटौल से बृहस्पतिवार रात को लापता हुए सैलून संचालक कय्यूम के इकलौते बेटे आरिश (12) की पेट में नुकीला हथियार घोंपकर हत्या कर दी गई। शव रटौल-लहचौड़ा गांव के समीप ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के किनारे बाजरे के खेत में मिल। पास में खून से सना प्लास्टिक का एक कट्टा भी पड़ा हुआ था। घटनास्थल पर आए पुलिसकर्मियों ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन
आरिश की मौत के बाद विलाप करती मां और अन्य परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे के मुन्नानगर निवासी कय्यूम सैलून संचालक है और उसका बेटा आरिश मदरसे में पढ़ाई करता था। कय्यूम ने बताया कि आरिश बृहस्पतिवार शाम घर से खेलने के लिए गया था। इसके बाद निगार फार्म हाउस में आई बारात में देखा गया था, उसके बाद से लापता हो गया।
उन्होंने उसकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। कय्यूम ने अपने बेटे आरिश की शुक्रवार रात को खेकड़ा कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। शनिवार सुबह किसान मंगू त्यागी निवासी मुबारिकपुर जब ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के किनारे रटौल-लहचौड़ा गांव के बीच अपने खेत में पहुंचे तो उन्होंने अपने बाजरे के खेत में बच्चे का शव पड़ा हुआ देखा। पास में खून से सना प्लास्टिक का एक कट्टा भी पड़ा था।
सूचना पर वहां आए पुलिसकर्मियों ने जांच की तो आरिश के पेट में नुकीला हथियार घोंपने के निशान मिले। एएसपी प्रवीण कुमार चौहान ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरिश के परिजनों के साथ कस्बे के काफी लोग भी वहां पहुंच गए। पुलिस की फोरेंसिंग टीम ने भी घटनास्थल पर आकर छानबीन की। पुलिस ने गुमशुदगी के मुकदमे को हत्या की धाराओं में बदल दिया है।
बरात में उड़ाए गए रुपये उठाते हुए देखा गया था आरिश
पुलिस ने जांच शुरू करते हुए लोगों से पूछताछ की। बताया गया कि बृहस्पतिवार शाम कस्बे के निगार फार्म हाउस में आई बरात में कुछ बराती रुपये उड़ा रहे थे। वहां पर आरिश और कस्बे के कई किशोर रुपये उठा रहे थे। इसके बाद से आरिश लापता हो गया था।
बोरे में शव लाने का शक
खेत में आरिश के शव के पास खून से सना प्लास्टिक का एक कट्टा भी मिला। इससे शक जताया जा रहा है कि आरिश की हत्या किसी अन्य जगह की गई और प्लास्टिक के कट्टे में बंद कर शव जंगल में जाकर खेत में फेंक दिया गया।
दिव्यांग है आरिश का पिता
मृतक आरिश के पिता कय्यूम पैरों से दिव्यांग हैं और सैलून चलाकर अपने परिवार का गुजर बसर करते हैं। कय्यूम ने बताया कि मेरी किसी से दुश्मनी नहीं है। इकलौते बेटे की मौत होने के बाद कय्यूम खेत में ही गिर गया। कस्बे के लोगों ने उसे उठाकर संभाला।