अपनी बात कहते डा. राजकुमार सांगवान।
- फोटो : अमर उजाला
बागपत सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने बागपत पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि थानों में खुलेआम लूट हो रही है और थानेदार बेलगाम हो गए हैं, जो एसपी तक की नहीं सुनते हैं। अपराधियों के आगे पुलिस फेल हो गई है। जिले में व्यापारी और किसान समेत हर कोई असुरक्षित महसूस कर रहा है। इस तरह बागपत पुलिस सरकार की छवि को धूमिल कर रही है। डा. राजकुमार सांगवान रालोद से सांसद हैं, जिसका प्रदेश में बीजेपी से गठबंधन है।
सांसद शुक्रवार को बागपत के स्याद्वाद कालेज में एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अपराध मुक्त और भय मुक्त समाज की स्थापना करने का प्रयास कर रहे हैं। जबकि बागपत पुलिस लूट करने में लगी है। किसानों के नलकूपों में रोजाना चोरी हो रही है और पुलिस मुकदमा तक नहीं लिख रही है। व्यापारियों के प्रतिष्ठानों और घरों में चोरी व लूट की घटनाएं हो रही हैं। हत्या भी लगातार हो रही हैं और इस तरह जिले में बेखौफ अपराधी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। जिले में महिलाओं के साथ छेड़छाड़, बलात्कार और हत्या की वारदात बढ़ रही है। पुलिस की कार्यशैली से किसान और व्यापारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ऐसे में हम किसी भी जगह जाते हैं तो लोग जवाब मांगते हैं।
उन्होंने कहा कि सीएम से मिलकर जल्द ही पुलिस की करतूत बताई जाएगी। जिलाध्यक्ष डॉ. सुभाष गुर्जर ने कहा कि बागपत पुलिस की करतूतों की पूरी सूची तैयार की गई है, जो सीएम को सौंपी जाएगी।
बालैनी, रमाला, दोघट, खेकड़ा समेत कई थानेदार बेलगाम
सांसद डा. राजकुमार सांगवान ने कहा कि जिले में कोई एक नहीं, बल्कि बालैनी, रमाला, दोघट, खेकड़ा, सिंघावली अहीर समेत कई थानेदार बेलगाम हैं। लोग थानों में जाते हैं तो उनसे अभद्रता की जाती है। लोग शिकायत लेकर थानों में जाने से डरने लगे हैं। रमाला थाने में समस्या सुनने की जगह लोगों के साथ खुलेआम गालीगलौज की जाती है। अगर कोई एसपी कार्यालय पर इनकी कारगुजारी की शिकायत लेकर आता है तो उनको धमकाया जाता है।