तेजकुमारी, गुंजन और किट्टो की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
दोघट के टीकरी कस्बे की पट्टी भोजान में टूरिस्ट बस चालक विकास की पत्नी तेज कुमारी (29) ने मंगलवार रात अपनी बेटी गुंजन (7), किट्टो (2), मीरा (पांच माह) की चुनरी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद छत के पंखे पर उसी चुनरी से फंदा लगाकर तेज कुमारी ने खुद भी आत्महत्या कर ली।
सूचना पर पहुंची पुलिस और एकत्र ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
विकास कुमार दिल्ली में टूरिस्ट बस का चालक है, जो सोमवार को दो दिन के लिए घर आया था। वह मंगलवार शाम अपने मकान के बाहरी हिस्से में पेड़ के नीचे सो गया था। विकास ने बताया कि रात करीब नौ बजे वह नींद से जागकर मकान में जाने लगा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने कई बार पत्नी और बच्चों को आवाज लगाकर दरवाजा खटखटाया। काफी देर बाद भी कमरे के अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया।
पुलिसकर्मियों के काफी प्रयास करने के बाद भी दरवाजा नहीं खोला गया तो दरवाजे के ऊपर रोशनदान से टॉर्च लगाकर अंदर देखा गया। कमरे में तीनों बच्चियों के शव पड़े हुए थे और तेज कुमारी फंदे पर लटकी हुई थी। इसके बाद दोघट पुलिस को सूचना देकर बुलाया गया। पड़ोस में रहने वाले एक किशोर को बुलाकर रोशनदान से कमरे में उतारा गया। उससे अंदर दरवाजे में लगा ताला तुड़वाया गया और दरवाजे को खोला गया।
पुलिस ने महिला का शव फंदे से उतारा और चारों के शव बाहर निकाले। पुलिस की जांच में पता चला कि तीनों बच्चियों की पहले चुनरी से गला घोंटकर हत्या की गई। उनको मारने के बाद तेज कुमारी ने खुद आत्महत्या की। घटना का पता चलने पर विकास के घर के बाहर लोगों का जमावड़ा लग गया।
12 सितंबर को था गुंजन का जन्मदिन, शाहपुर से लाई थी तेज कुमारी
विकास ने बताया कि उसकी बड़ी बेटी गुंजन मुजफ्फरनगर के शाहपुर गांव में उसकी भतीजी के पास रहकर पढ़ाई करती है। 12 सितंबर को गुंजन का जन्मदिन था। इसलिए तेज कुमारी खुद ही स्कूटी पर 8 सितंबर को शाहपुर गई थी और गुंजन को लेकर आई थी। तेज कुमारी ने विकास से कहा था कि गुंजन को लाकर जन्मदिन की पहले ही तैयारी कर लेंगे। वह तैयारी में लगे थे, मगर उससे पहले ही जिंदगी खत्म हो गई।
विकास ने कहा कि सबकुछ चल रहा था ठीक
विकास ने कहा कि परिवार में सबकुछ ठीक चल रहा था। वह बेटी का जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रहे थे और सभी खुश थे। तेज कुमारी ने बच्चियों को मारकर खुद आत्महत्या क्यों की है, उसको खुद नहीं पता है। वहीं एसपी सूरज कुमार राय भी घटना की जानकारी मिलने पर टीकरी आए और वहां छानबीन की गई। एसपी के अनुसार एफएसएल टीम को बुलाकर भी जांच कराई गई है। इस घटना का कारण पता किया जा रहा है।
ये भी देखें...
Baghpat: रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला युवक का शव, भाई बोला- लिव इन में रहता था हरिओम, पार्टनर ने कर दी हत्या