बागपत के चांदीनगर थाना क्षेत्र के घिटौरा गांव में बुधवार सुबह युवक का शव पेड़ पर लुंगी से बने फंदे में लटका मिला। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर रंजिशन हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
घिटौरा निवासी सतवीर पुत्र चरन सिंह ने बताया कि उसका 36 वर्षीय भाई बेगराज मंगलवार रात घेर में सो रहा था। बुधवार सुबह वह घेर में पशुओं को चारा डालने पहुंचा तो बेगराज का शव नीम के पेड़ पर लुंगी से बने फंदे में लटका था। ग्रामीणों की मदद से लुंगी काटकर शव पेड़ से उतारा गया।
बताया गया कि उनकी गांव के ही कुछ लोगों से रंजिश चल रही है। ये लोग पहले भी उन पर हमले कर चुके हैं। जिसकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आरोप लगाया कि इन्हीं लोगों ने उसके भाई की हत्या की है। थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उधर, इंस्पेक्टर मुनेशपाल सिंह पंवार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य मिलेंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।