महिला ने दो मुकदमे और ससुराल वालों ने एक मुकदमा दर्ज कराया हुआ
आत्मदाह का प्रयास करने वाली महिला का निकाह चार साल पहले शामली के कैराना क्षेत्र के एक गांव में हुआ था। निकाह के दो साल बाद विवाद शुरू हुआ। पहले आपसी बातचीत चलती रही, लेकिन दो अप्रैल 2022 को झिंझाना थाने में महिला की मां ने उसकी सास के खिलाफ मारपीट की एनसीआर दर्ज कराई थी। इसके बाद महिला ने नौ अप्रैल को अपने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़ व दुष्कर्म का मुकदमा महिला थाना बागपत में दर्ज करा दिया। इस मुकदमे के बाद महिला के ससुराल वालों ने कैराना थाने में 28 अप्रैल को उसके मायके वालों के खिलाफ तेजाब डालने, हत्या का प्रयास करने का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
इसके बाद सात मई को महिला ने अपने देवर समेत चार ससुराल वालों पर सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा बागपत कोतवाली में दर्ज कराया। इस तरह दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लगातार मुकदमे दर्ज करा रहे हैं। पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि किसी भी मुकदमे में पिछले मुकदमे का जिक्र नहीं किया जाता है।
यह भी पढ़ें: Murder: गांव में घुसने से पहले बताना होगा नाम-पता, चप्पे-चप्पे पर पुलिसफोर्स की निगाहें, खौफनाक थी ये वारदात
महिला का ससुराल वालों के साथ विवाद चल रहा है। इस विवाद में दोनों पक्षों में कई मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं। इस तरह का एक मुकदमा सामूहिक दुष्कर्म का बागपत कोतवाली में दर्ज कराया गया, जो केवल ससुराल वालों की तरफ से दर्ज कराए मुकदमे में समझौते के लिए दबाव देने के लिए दर्ज कराया गया था। हालांकि अभी इसमें जांच चल रही है। महिला ने कुछ लोगों के उकसाने पर आत्महत्या की कोशिश की। इसकी कई ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है। इसमें कार्रवाई की जा रही है।
- नीरज कुमार जादौन, एसपी