फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: जयंत सिंह बोले- अमेरिका के साथ अभी कोई डील नहीं हुई फाइनल, एनडीए के प्रत्याशी को जिताएं रालोद कार्यकर्ता

Fri, 20 Mar 2026 12:17 PM IST
Mohd Mustakim अमर उजाला नेटवर्क, बागपत

सार

Baghpat News: केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील को लेकर उठ रहे सवालों पर स्थिति साफ की। बागपत के रटौल आम का जिक्र करते हुए कहा कि रटौल के लिए यूरोप ने दरवाजे खोल दिए हैं। 
विज्ञापन
बागपत में आयोजित कार्यक्रम में बोलते जयंत सिंह। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत सिंह ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील को लेकर अपने बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि अमेरिका से अभी कोई ट्रेड डील फाइनल नहीं हुई है। मेरा पहले केवल इतना ही बयान आया था कि जब व्यापार में विस्तार होगा तो वेल्यू चेन में किसानों की गिनती बढ़ेगी। साथ ही किसानों की भागीदारी भी बढ़ेगी। जयंत बागपत में कई कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे थे।
विज्ञापन

 

केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि दुनिया में ऐसी कोई फसल नहीं है जिसका भारत मुकाबला नहीं कर सकता। आज भी निर्यात होता है। उन्होंने बागपत के रटौल आम का जिक्र करते हुए कहा कि क्या वह अमेरिका और यूरोप के बाजार में जा सकता था। जब शून्य प्रतिशत के शुल्क पर यहां के रटौल के आम के लिए यूरोप ने दरवाजे खोल दिए। इसलिए भारत एक वैश्विक ताकत है और व्यापार के क्षेत्र में बड़ी ताकतें भारत के साथ करार करना चाहती हैं। इससे बेहतर संभावनाएं हमारे मजदूर, काश्तकार, एमएसएमई और किसान सभी के लिए बन रहे हैं। 

वहीं अमेरिका से डील को लेकर विपक्ष और कुछ किसान संगठन लगातार सरकार पर निशाना साध रहे हैं। अमेरिका के साथ ट्रेड डील से भारत के किसानों और डेयरी प्रोडक्ट्स को भारी नुकसान होगा। इसलिए भी जयंत सिंह ने यह साफ किया कि इससे किसानों को नुकसान नहीं होगा।
 

रालोद के साथ एनडीए के प्रत्याशी को जिताने लिए कार्य करें
केंद्रीय राज्यमंत्री ने मलकपुर में सभा के दौरान कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए सभी नेता व कार्यकर्ता तैयारी करें। रालोद के साथ ही एनडीए के चुनाव चिह्न वाले प्रत्याशी को जिताने के लिए सभी कार्य करें।

ये भी देखें...
भाई की हत्या: बिलखते हुए मां बोली- एक बेटा मर गया, दूसरा बेटा और पोता जाएंगे जेल, मेरा तो पूरा परिवार उजड़ गया


 

पहलवानों के गांव लोयन मलकपुर में बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का कुश्ती स्टेडियम
पहलवानों के गांव लोयन मलकपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का कुश्ती स्टेडियम बनेगा, जिसकी बृहस्पतिवार को केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत सिंह ने लोयन मलकपुर में आधारशिला रखी। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम की ओर से सवा सात करोड़ रुपये की लागत से यह स्टेडियम बनाया जाएगा। स्टेडियम की गांव के लोगों ने करीब 14 साल पहले मांग उठाई थी, जो आधारशिला के साथ अब खत्म होती दिखी।
 

स्टेडियम की आधारशिला रखने के बाद सभा में केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि गांव के खिलाड़ियों ने सुविधा के अभाव में देश-विदेश में नाम रोशन किया है। गांव में तीन अर्जुन अवॉर्डी सुभाष तोमर, शौकेंद्र तोमर, राजीव तोमर का होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। ओलंपिक तक भी तीन पहलवानों ने देश का प्रतिनिधित्व किया है। इस इनडोर कुश्ती स्टेडियम से क्षेत्र के युवाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा। खिलाड़ी भविष्य में देश के लिए पदक जीतकर नाम रोशन करेंगे।
 

उन्होंने कहा कि निर्माण को गांव के लोग अपनी देखरेख में पूरा कराएं, जिस पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। निर्माण में सहयोग करने वालों का सहयोग जरूर लें, क्योंकि स्टेडियम का निर्माण दान के रुपये से पूरा कराया जाएगा। खेल और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और अपनी पूरी सांसद निधि खेल सुविधाओं के विकास के लिए समर्पित है। इस स्टेडियम में केवल बागपत नहीं, बल्कि वेस्ट यूपी के पहलवानों को फायदा मिलेगा।
 

इस मौके पर अनिरुद्ध प्रधान, दीपक प्रधान, डॉ. प्रताप लोयन समेत अन्य ने कहा कि स्टेडियम के लिए 14 साल पहले चौधरी अजित सिंह के सामने मांग उठाई थी, तब से प्रयास किया जा रहा है। अब आधारशिला रखे जाने से गांव के लोगों में खुशी है। वहां सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, विधायक डॉ. अजय कुमार, पूर्व विधायक चौधरी साहब सिंह, पूर्व विधायक वीरपाल राठी, राजेंद्र शर्मा, कुलदीप उज्ज्वल आदि ने विचार रखे। इस मौके पर रालोद जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर, अश्वनी तोमर, रामकुमार अध्यक्ष, धीरज उज्ज्वल, कर्नल ब्रह्पाल तोमर, वरुण तोमर, सुरेश मलिक आदि मौजूद रहे।
 

मिट्टी, रेत और सीमेंट से बनने वाली ईंटों का इस्तेमाल होगा
कार्यदायी संस्था हुनरशाला के इंजीनियर महावीर आर्य व वास्तुकार माधव रमन ने बताया कि स्टेडियम का निर्माण गुजरात के भुज शहर में बनी इमारतों की तर्ज पर किया जाएगा। इस तकनीक में निर्माण कार्य में पक्की ईंटों का इस्तेमाल नहीं होता है। केवल मिट्टी, रेत व सीमेंट के मिश्रण से मशीनों से बनाई ईंटों से बनेगा, जिसमें खर्च भी कम आएगा और देखने में बेहद आकर्षक लगेगा। बताया कि एक बार निर्माण होने के बाद पक्की ईंटों के निर्माण की अपेक्षा रखरखाव का खर्च भी बहुत कम आता है। करीब पांच बीघा जमीन में इस आधुनिक स्टेडियम का एक साल में निर्माण होगा, जिसमें तीन ब्लॉक बनाए जाएंगे। एक कुश्ती का अभ्यास करने, दूसरा जिम करने व तीसरा खिलाड़ियों के आराम करने, कपड़े आदि बदलने के लिए बनेगा।
विज्ञापन

जयंत ने कौशल विकास केंद्र का उद्घाटन भी किया
स्टेडियम की आधारशिला से पहले चौधरी जयंत सिंह ने पाली गांव में फैशन डिजाइनिंग के कौशल विकास केंद्र का उद्घाटन किया। कहा कि इस केंद्र का लाभ युवतियों व महिलाओं को मिलेगा और वह भी प्रशिक्षण प्राप्त करके रोजगार व अपना उद्योग शुरू कर सकेंगी। कौशल विकास केंद्र के प्रति युवतियों में काफी उत्साह भी दिख रहा है। इस दौरान उनके साथ क्षेत्रीय महासचिव डॉ. अनिल आर्य, अजय चौहान, धर्मेंद्र एडवोकेट, सुखबीर सिंह गठीना, नीरज पंडित, वीरेंद्र राणा आदि मौजूद रहे।




 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें