बागपत। जल शक्ति अभियान के तहत जल संचयन के लिए चलाए गए अभियान में खेकड़ा नगर पालिका प्रदेश में पहले स्थान पर रही। देश की 754 नगरपालिकाओं को अभियान में शामिल किया गया था। छह राज्यों के ग्रुप डी में खेकड़ा को चौथी रैंक मिली है जबकि बागपत नगरपालिका 18वें स्थान पर रही।
पिछले वर्ष जुलाई में जल मंत्रालय ने जल शक्ति अभियान की शुरूआत की थी। जल बचाने के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए शुरू की गई मुहिम में बागपत और खेकड़ा नगरपालिका को शामिल किया गया था। पौधरोपण, जल जागरूकता कार्यक्रम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग समेत अन्य बिंदुओं पर कार्य किए जाने थे। नवंबर 2019 तक किए गए कार्यों के बाद रैंकिंग जारी कर दी गई है। प्रदेश में खेकड़ा नगर पालिका पहले स्थान पर है। बागपत नगर पालिका ने 12वां स्थान हासिल किया है। ग्रुप डी के छह राज्यों में खेकड़ा को चौथा और बागपत को 18वां स्थान मिला है। डीएम शकुंतला गौतम ने बृहस्पतिवार को खेकड़ा ईओ अनिल पंडित और बागपत ईओ ललित आर्य से जल शक्ति अभियान की जानकारी ली। भविष्य में और अधिक बेहतर तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए।
इस तरह चलाए गए अभियान
बागपत। खेकड़ा ईओ अनिल पंडित ने बताया कि अभियान में पौधरोपण, लोगों को भूजल रिचार्ज की जानकारी, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और योजना के लिए जनजागरण शामिल था। शिक्षण संस्थाओं में जागरूकता अभियान चलाए गए। अभियान के तहत खेकड़ा में 108 इवेंट कराए गए थे। सबसे ज्यादा पचास फीसदी अंक इवेंट के लिए मिले हैं। कस्बे में 2950 पौधे रोपित किए गए थे। भूमिगत जल पुनर्भरण कार्यक्रम से तहसील में हैंडपंप पुनर्भरण संरचना का निर्माण कराया गया।
ग्रप डी में शामिल छह राज्य
बागपत। ग्रुप डी में यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, उड़ीसा और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। ईओ अनिल पंडित ने बताया कि देश के राज्यों को ग्रुप में बांटा गया था। उत्तर प्रदेश को ग्रुप डी में शामिल किया गया था। ग्रुप रैंकिंग में खेकड़ा को चौथा स्थान मिला है।
जल बचाने के लिए आगे आएं आमजन
बागपत। डीएम शकुंतला गौतम ने कहा कि खेकड़ा प्रदेश में पहले स्थान पर रहा है। अन्य नगर पंचायत और नगर पालिकाओं को भी इससे प्रेरित होकर जल जागरूकता करनी चाहिए। जिले में आमजन को पानी और प्रकृति बचाने के लिए प्रेरित करें।
समझो पानी की कीमत
बागपत। खेकड़ा पालिकाध्यक्ष संगीता धामा ने कहा कि पानी सबकी जरूरत है। भविष्य में भी पालिका लोगों को जागरूक करने के लिए इसी तरह के अभियान जारी रखेगी।
चलाएंगे जागरूकता अभियान
बागपत। नगर पालिका बागपत के अध्यक्ष राजूद्दीन एडवोकेट का कहना है कि पानी सबके लिए जरूरी है। लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। ईओ ललित आर्य ने कहा कि कार्यक्रम बढ़ाए जाएंगे।