बागपत के आठ लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में कोतवाली पुलिस ने भाजपा के पूर्व जिलामंत्री सतपाल उपाध्याय के खिलाफ कार्रवाई कर दी। सतपाल, उसके बेटे नीरज, विशाल और पत्नी कृष्णा के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी का मुकदमा दर्ज किया है।
शहर के रहने वाले टीटू भारद्वाज, आशु जैन, राकेश कुमार, उषा रानी, संजय, अजय जैन, विनोद, राहुल आदि ने एसपी को शिकायत देकर सतपाल उपाध्याय पर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि देवी चौक मोहल्ले में रहने वाला सतपाल, अपने बेटे नीरज, विशाल और पत्नी कृष्णा के साथ मिलकर कमेटी डालता है। कमेटी और खातों की समयावधि पूर्ण होने के बाद रुपये देने से इंकार कर दिया और मारपीट करने के साथ मुकदमों में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी।
आरोप लगाया कि पक्का घाट मंदिर के पास कार्यालय खोलकर शहर के लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की जा चुकी है। इस मामले में सीओ हरीश भदौरिया का कहना है कि एक आरोपी पहले ही मुकदमे में जेल भेजा जा चुका है। मुकदमे में जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा नेता के बेटे और पत्नी फरार
देवी चौक मोहल्ले में रहने वाले हीरालाल की मौत के बाद घर के बाहर शव रखकर धरना देने पर पथराव के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। सतपाल उपाध्याय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। नीरज, विशाल और कृष्णा फरार हैं।