उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में 25 अक्टूबर को महिला गांजा तस्कर से बातचीत की ऑडियो वायरल होने के बाद सिंघावली अहीर थाने का हेड मोहर्रिर एसपी ने निलंबित किया था।
बागपत जनपद में नीरज कुमार जादौन ने थाने से तस्करी का पकड़ा हुआ गांजा बेचने वाले हेड मोहर्रिर को बर्खास्त कर दिया है। उसकी अक्टूबर 2021 में महिला गांजा तस्कर से बातचीत की ऑडियो वायरल हुई थी और उसके बाद उसे सिंघावली अहीर थाने से निलंबित कर दिया था।
विज्ञापन
सिंघावली अहीर थाने में तैनात रहे हेड मोहर्रिर सत्यवीर सिंह की अक्टूबर 2021 में एक ऑडियो वायरल हुई थी, जिसमें वह महिला गांजा तस्कर से बातचीत कर रहा था। उस ऑडियो में थाने से गांजा बेचने को लेकर रुपये के लेनदेन की बात हो रही थी।
इस मामले में एसपी नीरज कुमार जादौन ने 25 अक्टूबर को हेड मोहर्रिर सत्यवीर सिंह को निलंबित कर दिया था और इसकी विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए थे। जिसमें छह महीने बाद जांच पूरी हो गई और हेड मोहर्रिर सत्यवीर सिंह जांच में दोषी मिला है। इसलिए ही हेड मोहर्रिर को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है।
इसके साथ ही जिलेभर के पुलिसकर्मियों को इस तरह के मामलों से दूर रहने और ईमानदारी से ड्यूटी करने की हिदायत दी। एसपी नीरज कुमार जादौन का कहना है कि ड्यूटी के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।