बागपत स्थित अग्रवाल मंडी टटीरी के रहने वाले भगतजी हलवाई उर्फ देवेंद्र कुमार से एक कंपनी में निवेश कराकर मुनाफा कमाने का झांसा देकर 31 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। न्यायालय के आदेश पर कर्मवीर सिंह, मोहम्मद फैजान, शमशाद, अजय वर्मा, गुकेश त्यागी, नितिन, दीपक दहिया, सचिन राणा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अग्रवाल मंडी टटीरी के रहने वाले देवेंद्र कुमार ने बताया कि कर्मवीर सिंह दिल्ली कड़कड़डूमा कोर्ट में कर्मी है। मार्च 2022 में कर्मवीर ने उनसे मिलकर ई-स्टोर कंपनी के बारे में जानकारी देते हुए 25 लाख रुपये निवेश कर एक लाख रुपये महीना लाभ लेने और बाद में जमा की गई रकम वापस मिलने के बारे में बताया। इसके बारे में ई-स्टोर कंपनी से जुड़े कई लोगों से मिलवाया। इसके बाद बार-बार आकर निवेश करने के लिए मनाया। इसके बाद दुकान में कंपनी का स्टोर खोल लिया।
आरोप लगाया कि कर्मवीर समेत अन्य लोगों के कहने पर कंपनी में 25.77 लाख रुपये निवेश कर दिए। अक्तूबर 2023 में कर्मवीर समेत अन्य लोग स्टोर से सामान निकालकर ले गए। इसके बाद एक लाख रुपये महीना लाभ भी नहीं दिलाया गया। उन्होंने फोन कर संपर्क किया तो गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही निवेश किए गए 25 लाख रुपये, दुकान के किराए, बिजली के बिल समेत 31 लाख रुपये वापस देने से मना कर दिया।
इस मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार का कहना है कि कर्मवीर सिंह निवासी कबीर आश्रम अग्रवाल मंडी टटीरी, नोएडा निवासी मोहम्मद फैजान, शमशाद, अजय वर्मा, गुकेश त्यागी, नितिन, दीपक दहिया, सचिन राणा के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी देखें...
यूपी: सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से, कुल 121 विषयों के होंगे पेपर; जानें कहां देख सकते हैं डेटशीट