बागपत। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले को तीन जोन व दस सेक्टर में बांट दिया गया। अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था सही करने के निर्देश दिए है। जिससे परीक्षा के समय परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की दिक्कत न उठानी पड़े।
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 37 परीक्षा केंद्र बनाए गए है और इनपर हाईस्कूल व इंटर के 29 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को दो पाली में कराया जाएगा। पहली पाली सुबह साढ़े आठ बजे से दोपहर 11:45 तक व दूसरी पाली दो बजे से 5:15 बजे तक कराई जाएगी। परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए डीएम अस्मिता लाल ने जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए है।
इनमें बड़ौत में जोनल मजिस्ट्रेट एसडीएम मनीष यादव, बागपत में एसडीएम अविनाश त्रिपाठी, खेकड़ा में एसडीएम ज्योति शर्मा को बनाया है।
सेक्टर मजिस्ट्रेट जिला उद्यान अधिकारी दिनेश कुमार अरूण, जिला रोजगार सहायता अधिकारी विपिन कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी नागेंद्र मिश्रा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ़ अरविंद त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी बाल गोविंद यादव, अधिशासी अभियंता सिंचाई मुकेश कुमार देव, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी संदीप कुमार, समाज एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी तूलिका शर्मा, एआर कॉपरेटिव इंदू सिंह, जिला बचत अधिकारी विवेक, अधिशासी अभियंता नलकूप अशोक कुमार गौतमी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।