बागपत। भीषण गर्मी के बीच सोमवार रात शहर में बिजली संकट गहरा गया। ऑफिसर्स हॉस्टल के पास एक ट्रांसफार्मर में खराबी आने से पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इसके बाद मंगलवार को पूरे शहर में आधा-आधा घंटे के छह से सात अघोषित कट लगाए गए, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
सोमवार रात करीब ग्यारह बजे ऑफिसर्स हॉस्टल के पास रखे ट्रांसफार्मर में धमाके के साथ फाल्ट हो गया। इस खराबी के कारण भजन विहार कॉलोनी, ऑफिसर्स हॉस्टल और केडीआर वाली गली सहित कई क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। ऊर्जा निगम के कर्मचारी कई घंटों बाद ट्रांसफार्मर ठीक करने पहुंचे। ट्रांसफार्मर की मरम्मत के लिए पूरे शहर की बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ी। रात भर कोर्ट रोड, झंकार गली, ईदगाह मोहल्ला और सिसाना रोड जैसे इलाकों में लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी। ट्रांसफार्मर को मंगलवार सुबह चार बजे तक ठीक किया जा सका। इसके बाद बिजली आपूर्ति तो बहाल हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद अघोषित कटों का सिलसिला शुरू हो गया। दिनभर आधा-आधा घंटे के छह से सात बिजली कट लगाए गए। इन लगातार कटों ने पहले से ही गर्मी से बेहाल लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
-गर्मी से रोजाना दस ट्रांसफार्मर फुंके
जिले में भीषण गर्मी के कारण रोजाना औसतन दस ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने बताया कि अत्यधिक गर्मी से ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो रहे हैं। इनकी जगह मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत भी हो रही है। बढ़ती गर्मी से यह समस्या और बढ़ सकती है।
शहरी क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल है, लेकिन यहां आए दिन बिजली गायब रहती है। गर्मी बढ़ते ही कट शुरू हो जाते हैं। सोमवार रात कई घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रहने से लोग बेहाल हो गए। -नगेंद्र, मुन्नालाल एंक्लेव
गर्मी में बार-बार कट लगने से परेशानी उठानी पड़ रही है। लाइन में फाल्ट होने के कई घंटे बाद कर्मचारी ठीक करने जाते हैं, जिन्हें जल्दी ठीक कराया जाए। -पंकज भारद्वाज, कोर्ट रोड
गर्मी में ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो रहे हैं और लाइनों में फाल्ट ज्यादा आ रहे हैं। इस कारण थोड़ी समस्या हो रही है। फाल्ट होते ही तुरंत कर्मियों को भेजकर ठीक करा दिया जाता है। सोमवार रात को टीमें लगी रहीं और फाल्ट ठीक करके विद्युत आपूर्ति सुचारू की। -अमित कुमार, एक्सईएन ऊर्जा निगम