अंडर पास से पानी नहीं निकला तो आंदोलन
बागपत। नौरोजपुर गुर्जर-गांधी अंडर पास पर जलभराव होने के कारण छह गांव के हजारों ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा।
ग्रामीण प्रवीण भाटी, सुखबीर सिंह, नीरज और सहदेव ने बताया कि कई महीने से नौरोजपुर गुर्जर-गांधी अंडर पास पर पानी भरा हुआ है। बरसात के बाद से अंडर पास से पानी की निकासी नहीं हुई। इस कारण यहां से निकलने वाले हजारों लोगों ुको परेशानी होती है। इस मार्ग से कई गांव के लोग निकलते हैं। इस मार्ग से नौरोजपुर गुर्जर, महेशपुर चोपड़ा, गाधी, निबाली, पदड़ा और तेड़ा गांव के ग्रामीण गुजरते हैं। आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा जलभराव की जानकारी रेलवे को भी दी, लेकिन अभी तक जलनिकासी नहीं की गई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। उधर, रेलवे के जूनियर इंजीनियर संतोष कुमार का कहना है कि उन्हें जानकारी मिली है। मंगलवार को वह मामले की जांच कराएंगे और जलनिकासी की व्यवस्था की जाएगी।