रमाला। पांच युवकों ने सोमवार को चौधरी जिले सिंह मेमोरियल कॉलेज, जिवाना में घुसकर प्रबंधक के साथ मारपीट की। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी।
जिवाना गांव में चौधरी जिले सिंह मेमोरियल कॉलेज है। कॉलेज के प्रबंधक राजबीर सिंह ने दी तहरीर में बताया कि गांव के ही एक छात्र पर ट्यूशन के 15 हजार रुपये बकाया है। छात्र व परिजनों पर कई बार तगादा भी किया। लेकिन पैसे नहीं दिए। सोमवार दोपहर करीब 1 बजे वह कॉलेज के आफिस में बैठा था। कॉलेज का मैन गेट बंद था। तभी दीवार कूदकर चार पांच युवक अंदर पहुंचे और आफिस में आकर गाली गलौज शुरु कर दी। जब उनका विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। प्रबंधक ने बताया कि आरोपियों के चंगुल से छूटकर जब वह बाहर की तरफ भागे और उन्होंने शोर मचाया, तब जाकर आरोपी भागे। पीड़ित ने गांव के ही पांच युवकों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर महिपाल सिंह का कहना है कि जांच कर कार्रवाई होगी।