बागपत के सरूरपुर गांव में स्थित बैंक के एटीएम में सेना नायक से धोखाधड़ी से एटीएम कार्ड बदलकर भाग रहे दो युवकों को लोगों ने पकड़ लिया, जबकि उनका एक साथी कार से फरार हो गया। लोगों ने पहले तो दोनों की अर्द्धनग्न कर जमकर धुनाई की, बाद में उन्हें पुलिस को सौंप दिया। आरोपियों के पास से बैंकों के 80 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं।
सरूरपुर निवासी धर्मवीर सिंह वह सेना में नायक पद पर तैनात है। बृहस्पतिवार को वह पिता गुगन सिंह के साथ गांव के इंडिकेश बैंक के एटीएम से 10 हजार रुपये निकालने गए थे। रुपये निकालते समय वहां पर तीन युवक पहुंचे। एटीएम से निकलते समय युवकों ने उससे कहा कि आपका एटीएम कार्ड नेट से जुड़ गया है। इसलिए आपके एकाउंट से रुपये कटते रहेंगे। अपना एटीएम कार्ड दिखा दो, अभी इस समस्या को हल कर देते हैं। उनके कहने के अनुसार उसने आरोपियों को कार्ड दे दिया।
आरोपियों ने एटीएम मशीन में तीन-चार बार कार्ड लगाकर बोले की अब आपके खाते से रुपये नहीं कटेेंगे और उनके हाथ में दूसरा एटीएम कार्ड दे दिया। कार्ड बदला हुआ देखकर उसने युवकों ने अपना कार्ड मांगा। इस पर युवक आपस में बहस करने लगे और वहां से भागने लगे। उसके शोर मचाने पर लोगों ने पीछा कर दो युवकों को पकड़ लिया गया, जबकि उनका एक साथी कार से फरार हो गया। लोगाें ने पहले तो दोनों आरोपियों की जमकर धुनाई की और फिर सरूरपुर पुलिस चौकी को सौंप दिया।
आरोपियों ने खुद को लोनी निवासी कादिर पुत्र नूरू और शेरखान पुत्र इरशाद बताया, जबकि उनका फरार साथी आसू पुत्र शाहिद निवासी बुढ़ाना है। एसएसआई लोकेंद्र शर्मा का कहना है कि आरोपियों के पास से अलग-अलग बैंकों के 80 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। आरोपी एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करते हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के साथी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
...आज हम देंगे आरोपियों सजा
बागपत। आरोपियों के पकड़े जाने के बाद लोगों की भीड़ ने कहा कि पुलिस को आरोपियों को सौंपने का कोई फायदा नहीं है। पुलिस सेटिंग कर आरोपियों को छोड़ देगी। हम ही इन्हें सबक सिखाएंगे। लोगों ने आरोपियों की कमीज उतारकर पेड़ पर टांग दी। उसके बाद उनकी जमकर धुनाई की। इस दौरान एक आरोपी के हाथ पर धारदार हथियार से वार भी किया। जिससे उसका काफी हाथ कट गया। जानकारी मिलने पर पुलिस वहां पर पहुंची। उसके बाद लोगों ने पिटाई करना बंद किया।