-पाठशाला बस स्टैंड पर पुलिस चौकी के पास दुकान को बनाया था निशाना
फोटो केएआवर 2
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। कस्बे में पाठशाला बस स्टैंड के पास एक किरयाना की दुकान में बुधवार रात चोरी हो गई। चोरों ने दुकान की छत उखाड़कर 20 हजार रुपये नकद और अन्य सामान चुरा लिया। पुलिस ने मौके से दो चोरों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य भागने में सफल रहे।
सांकरौद गांव के ओमपाल शर्मा की यह दुकान दिल्ली सहारनपुर नेशनल हाईवे पर स्थित है। बुधवार रात करीब दो बजे चोरों ने दुकान में सेंध लगाई। उन्होंने छत उखाड़कर दुकान में प्रवेश किया और सामान बोरों में भर लिया। चौकीदारी कर रहे बिट्टू को दुकान के अंदर से आवाज आने पर शक हुआ। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर बाहर निगरानी कर रहे दो चोर भाग गए। हालांकि दुकान के अंदर से दो चोरों को पकड़ लिया गया। दुकान की छत पर चोरी का सामान भी बरामद हुआ।
पकड़े गए चोर गाजियाबाद जिले के बताए जा रहे हैं। जांच अधिकारी निरीक्षक प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि गिरफ्तार चोरों से पूछताछ की गई है। इसमें उनके गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस अब फरार चोरों और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। दुकान मालिक ओमपाल शर्मा ने बताया कि उनकी दुकान में पहले भी चोरी हो चुकी है।