-दूसरे दिन भी नहीं हो सकी मृतक की शनाख्त, पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी कैमरे
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। कस्बे के जंगल में किशोर की धारदार हथियार से वार कर हत्या करने के मामले में दूसरे दिन भी मृतक की शनाख्त नहीं हो सकी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस और एसओजी की दो टीमें लगाई गई हैं।
कस्बे के जंगल में किसान प्रवीन शर्मा के गन्ने के खेत में मंगलवार को 16-17 वर्ष के किशोर का खून से लथपथ शव पड़ा मिला था। किशोर के सिर पर धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई थी। शनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इसके बाद दूसरे दिन भी मृतक की शनाख्त नहीं हो पाई। उधर, किशोर की हत्या के खुलासे के लिए पुलिस और एसओजी की दो टीमें लगाई गई हैं, लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ खाली नजर आ रहे हैं। इसके चलते पुलिस ने बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग, पुसार-बराल मार्ग, दोघट-टीकरी मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। उन्होंने कहा कि आसपास के गांवों में संपर्क कर किशोर के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले में थाना प्रभारी सोनवीर सिंह ने बताया कि मृतक की शनाख्त कर जल्द ही हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा।