- ट्योढ़ी से ढ़िकाना तक करीब 5.1 किलोमीटर तो बिहारीपुर से ढ़िकाना तक 5.2 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी
- प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मिली मंजूरी, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग जल्द शुरू कराएगा कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले की दो सड़कों को पांच करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से बनाया जाएगा, जिससे 15 से ज्यादा गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। यह सड़कें ट्योढी से ढिक़ाना तक 5.1 किलोमीटर और बिहारीपुर से ढ़िकाना तक 5.2 किलोमीटर लंबी है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मंजूरी मिल गई है और इन पर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
ट्योढ़ी से ढ़िकाना तक मार्ग की लंबाई 5.1 किलोमीटर है। इसमें तीन किमी में तारकौल वाली सड़क बनी हुई है, जिसमें जगह-जगह गड्ढे हो गए है। बाकी दो किमी मेें खड़ंजा लगा हुआ है और उस पर भी मिट्टी ज्यादा होने के कारण धूल उड़ती रहती है। ग्रामीणों के अनुसार तीन साल पहले बनाई गई सड़क कुछ दिन बाद ही टूटने लगी थी। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस तरह ही बिहारीपुर से ढ़िकाना तक मार्ग की लंबाई 5.2 किमी है। यह भी काफी समय पहले बनाई गई थी और इसमें भी गड्ढे होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क निर्माण की काफी वक्त से मांग उठ रही थी, जिसको अब करीब पांच करोड़ 75 लाख रुपये से पूरा किया जाएगा। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से इन दोनों सड़कों का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।
इन गांवों के लोगों को होगा फायदा
ट्योढ़ी-ढ़िकाना मार्ग से जोनमाना, ढ़िकाना, ट्योढ़ी, खामपुर, लुहारी, बोहला, बड़ौली आदि गांव जुड़े हुए है। मुख्य मार्ग पर जब जाम लग जाता है तो इस सड़क से होकर ही वाहन गुजरते है। बिहारीपुर-ढिक़ाना मार्ग से लुहारी, खामपुर, खेड़ा हटाना, निनाना, बिहारीपुर, नैथला आदि गांव जुड़े है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दो सड़कों के निर्माण की मंजूरी मिल चुकी है। इनका बजट भी तैयार हो चुका है और इनपर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इससे लोगों की समस्या खत्म हो जाएगी। - हबीबुल्ला, अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग