ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर हादसे में मृतक मथुरा निवासी टेंपो चालक कृष्णा की फाइल फोटो। स
- ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर बड़ागांव के समीप हुआ हादसा, घायलों का मेरठ के अस्पताल में कराया गया उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा (बागपत)। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर बड़ागांव के समीप ट्रक और पिकअप की भिड़ंत में कृष्णा (23) निवासी आकाश नंगला बेग मथुरा और जयपाल (48) जटोई जिला हाथरस जिला की मौत हो गई। जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों का मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार कराया गया।
मथुरा के आकाश नंगला बेग निवासी कृष्णा और हाथरस जिले के जटोई गांव निवासी जयपाल पानीपत हरियाणा की एक फैक्टरी में काम करते थे। कृष्णा के भाई राजेश ने बताया कि कृष्णा शनिवार रात अपने भाई शिवम, जयपाल और चचेरे भाई समेत अन्य लोगों के साथ दीपावली पर्व मनाने के लिए घर जा रहा था। पानीपत से मथुरा के लिए पिकअप गाड़ी में सवार हो गए।
बताया कि पिकअप गाड़ी ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर बड़ागांव के समीप पहुंचे तो एक ट्रक के साथ भिड़ंत हो गई। इस हादसे में पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पिकअप में सवार जयपाल ओमकार, शिवम, देवेश, रेखा समेत आठ लोग घायल हो गए। हादसे के बाद वहां आए पुलिसकर्मियों ने घायलों का निजी अस्पताल में उपचार कराया, जहां से उन्हें रेफर कर दिया।
बताया कि मेरठ के अस्पताल में उपचार जयपाल की भी मौत हो गई। उधर, पोस्टमार्टम के बाद परिवार वाले कृष्णा का शव लेकर चले गए। कृष्णा पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। जांच अधिकारी प्रभाकर केंतुरा ने बताया कि ट्रक और पिकअप की भिड़ंत से दो की मौत हुई है। इसमें तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।