दिल्ली-यमुनौत्री हाईवे स्थित गौरीपुर मोड़ के पास मोपेड पर सवार किशोर को ट्रक ने टक्कर मार दी। उसकी जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। एक अन्य घटना में अमीनगर सराय-बिनौली मार्ग पर इंद्रप्रस्थ कॉलेज के पास साइकिल सवार बुजुर्ग को ट्रक ने टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मवीकलां गांव निवासी प्रिंस (16) बागपत की एक बाइक एजेंसी पर कार्य करता था। वह अपने साथी मोनू निवासी बावली, परवेज निवासी खेकड़ा और राहुल के साथ बड़ौत एजेंसी से नई बाइक लेने के लिए गया था। प्रिंस मोपेड लेकर लौट रहा था।
जैसे ही गौरीपुर मोड के पास पहुंचा तो पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने मोपेड को टक्कर मार दी। इससे प्रिंस गंभीर रुप से घायल हो गया। उसके साथी उसको जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां पर उसकी मौत हो गई। आरोपी चालक ट्रक को छोडक़र फरार हो गया।
बाद में पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। कोतवाली एसएसआई धर्मेंद्र सिंह संधू का कहना है कि आरोपी चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
उधर, पूठड़ गांव निवासी रामपाल जाटव (55) सिंघावली अहीर बिजलीघर के पास स्थित ढ़ाबा पर काम करता था। वह शुक्रवार दोपहर साइकिल पर सवार होकर अपने घर जा रहा था। जैसे ही अमीनगर सराय-बिनौली मार्ग पर स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलेज के पास पहुंचा तो तेज गति से आ रहे ईटों से लदे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। चालक ट्रक लेकर भागने लगा, पुलिस ने पीछा कर ट्रक को अमीनगर सराय मोड़ के पास रोक लिया।