खेकड़ा। मोहल्ला अहिरान में विवादित दीवार तोड़ने को लेकर दो पक्षों में मारपीट में दो लोग घायल हो गए। उन्होंने एकदूसरे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मोहल्ला अहिरान निवासी नईम का पड़ोसी जावेद से मकानों के बीच दीवार को लेकर कुछ दिन से विवाद चल रहा है। दोनों दीवार पर दावा कर रहे हैं। सोमवार सुबह करीब दस बजे जावेद दीवार को तोड़ने लगा। इसका पड़ोसी नईम एवं उसके परिजनों ने विरोध किया। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी मारपीट में बदल गई। उनमें जमकर डंडे, लात-घूसे चले। जिसमें एक पक्ष के नईम और दूसरे पक्ष का जावेद घायल हो गए। शोर सुनकर परिजनों और पड़ोसियों ने दोनों पक्षों में मारपीट बंद कराई। घायलों का परिजनों ने चिकित्सक के यहां उपचार कराया। दोनों पक्षों ने कोतवाली पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। साथ ही मोहल्ले के कुछ लोग दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के प्रयास में जुटे थे। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।