अमीनगर सराय। कस्बे में सोमवार को कोरोना से दो और बुखार से तीन लोगों की मौत हो गई। एक दिन में पांच लोगों की मौत होने से कस्बे के लोगों में दहशत फैल गई। स्वास्थ्य विभाग की उदासीनता को लेकर लोगों में रोष है।
कस्बे के सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य हरिहर शर्मा की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर कुछ दिन पूर्व पिलखुवा के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां उनकी तबियत में कोई सुधार नहीं हुआ और सोमवार को उनका निधन हो गया। उनका मौत से कस्बे के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। इसके अलावा मेरठ में भर्ती 32 वर्षीय युवक की भी फेफड़ों में इंफेक्शन होने के कारण मौत हो गई। दोनों के शव अस्पताल से एंबुलेंस में सीधे श्मशान पहुंचे और कोरोना प्रोटोकॉल के तहत उनका अंतिम संस्कार किया गया। इसके अलावा कस्बे में एक महिला समेत तीन लोगों की बुखार से मौत हो गई। सभी परिवारों में कोहराम मचा है।
सांस की दिक्कत के चलते पुत्र के तीन बाद मां ने भी दम तोड़ा
निरपुड़ा गांव में एक व्यक्ति ने कोरोना संक्रमण से दम तोड़ा
दोघट। क्षेत्र भड़ल गांव में तीन दिन पहले सांस की दिक्कत के चलते मोनू ठेकेदार की मृत्यु हो गई थी। रविवार को उनकी माता शरबती की तबीयत खराब हो गई और उन्हें मेरठ के अस्पताल में भर्ती किया। वहां उनकी मृत्यु हो गई। एक परिवार से दो लोगों की मृत्यु से गांव में हड़कंप मच गया है। गांव में चार पांच लोग कोरोना से पीड़ित हैं और उनका इलाज चल रहा है। चौगामा विकास ट्रस्ट के अध्यक्ष जगपाल सिंह ने जिलाधिकारी को फोन कर गांव में सैनिटाइजेशन कराने की मांग की है। साथ ही गांव में चर्म संशोधन इकाइयों के प्रदूषित पानी को रोकने की मांग की है। इस दूषित पानी से गांव में बीमारियां फैल रही है। इसके अलावा निरपुड़ा निवासी एक व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। वहीं एक महिला को मेरठ के चिकित्सकों ने जवाब दे दिया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
कोरोना से लायंस क्लब के पदाधिकारी समेत दो की मौत
बागपत/ अग्रवाल मंडी टटीरी। कोरोना संक्रमण से नगर निवासी लायंस क्लब के पदाधिकारी और पेट्रोल पंप व्यवसायी मनीष जैन का निधन हो गया।
लायंस क्लब के पदाधिकारी और जौली पेट्रोल पंप के स्वामी मनीष जैन का कोरोना से मेरठ के अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन के समाचार से लायंस क्लब अग्रवाल मंडी ने शोक व्यक्त किया। अभिमन्यु गुप्ता, पंकज गुप्ता, ईश्वर अग्रवाल, हंसराज गुप्ता, प्रवीण गुप्ता, दीपक गोयल, राजीव गर्ग, जेएस शर्मा आदि ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
चौहल्दा निवासी रघुनाथ की पत्नी रामरती (77) ने कोरोना संक्रमण के चलते होने पर सोमवार को दम तोड़ दिया। रघुनाथ के चचेरे भाई मास्टर प्रभु दयाल ने बताया कि रामरती को सात दिन पूर्व बुखार की शिकायत हुई थी। प्राइवेट चिकित्सक को दिखाया। दो दिन में आराम न होने पर रामरती को बागपत के एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए। चिकित्सक ने पहले कोरोना टेस्ट कराने को कहा। जिला अस्पताल में हुए टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। तीन दिन पूर्व उन्हें खेकड़ा के कोविड -19 अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान आज रामरति ने दम तोड़ दिया। उनके निधन से गांव में शोक छा गया।