बागपत और बड़ौत क्षेत्र में हुए हादसे, परिवारों में मचा कोहराम
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत/बड़ौत। बागपत और बड़ौत क्षेत्र में शनिवार रात हुए दो सड़क हादसों में बैंक कर्मी सहित दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है।
पहला हादसा बागपत कोतवाली क्षेत्र में चमरावल रोड पर हुआ। बावली गांव निवासी गुलाब (35) शनिवार को बाइक से चमरावल की तरफ गया था। लौटते वक्त महिला थाने के समीप पशु आहार से लदे ट्रक ने उसे साइड मार दी। हादसे में बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक के नीचे गिर गई और ट्रक ने गुलाब को कुचल दिया। उसे गंभीर हालत में पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे मेरठ के लिए रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दूसरा हादसा बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर हुआ। मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र के ग्राम बुढ़ीना कलां गांव निवासी मोहित कश्यप (28) दिल्ली में एक प्राइवेट बैंक की शाखा में फील्ड आफिसर के पद पर कार्यरत था। शनिवार शाम ड्यूटी करके वह बाइक से घर लौट रहा था। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बावली गांव के पास वाहन चालक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोहित की मौके पर ही मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, मृतक के भाई नरेश कश्यप ने बताया कि मोहित कश्यप का मोबाइल, पर्स से रुपये व जरूरी सामान गायब है। पुलिस गायब सामान की बरामदगी की मांग की। बताया कि मुकेश कश्यप के एक डेढ़ वर्षीय बेटी है। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।