धारदार हथियार से हमला कर एक को घायल किया, अस्पताल में भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
छपरौली (बागपत)। बधाई लेने को मंगलामुखियों के दो गुट आपस में भिड़ गए। एक गुट ने दूसरे गुट पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें एक मंगलामुखी गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंगलामुखी हिना ने बताया कि वह लक्ष्मी के साथ स्कूटी से छपरौली से बड़ौत की ओर जा रही थी। बीच रास्ते में दूसरे गुट के मंगलामुखियों ने उन्हें रोककर मारपीट शुरू कर दी। लक्ष्मी पर तेज धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि दूसरा गुट अवैध है और वह धमकी दे रहा है कि छपरौली में बधाई मांगने जाओगे तो फिर हमला करेंगे। इससे पहले भी उन पर कई बार हमला कर चुके हैं। हिना ने आरोपियों के खिलाफ थाना छपरौली पर तहरीर दी है। पुलिस के मुताबिक गुल्लू उर्फ टीना पुत्र सीदा निवासी बड़ौत, वाशिद उर्फ रानी निवासी किरठल वर्तमान पता थल नांगल, रिहान निवासी लुहारी थाना जलालाबाद थानाभवन मुजफ्फरनगर, वर्तमान पता गौरीपुर मोड़ बागपत व नीरज पुत्र तारा निवासी गौरीपुर मोड़ बागपत और कुछ अज्ञात लोगों ने हमला किया। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घायल लक्ष्मी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।