बागपत। जिले में बृहस्पतिवार को 1513 लोगों की जांच कराई गई। इनमें जिला सूचना अधिकारी सहित दो संक्रमित मिले। संक्रमितों को कोविड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 2363 हो गई है जकि 15 केस एक्टिव हो गए है। इसके साथ ही दोघट थाना क्षेत्र के पुसार और सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के तितरौदा गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। यहां आवश्यक वस्तुओं की डोर स्टेप डिलीवरी के अलावा सभी सेवाएं प्रतिबंधित रहेंगी।
सीएमओ डॉ. आरके टंडन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की संस्तुति पर डीएम राज कमल यादव ने दोघट थाना क्षेत्र के पुसार और सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के तितरौदा गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। उन्होंने जोनल अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, थानाध्यक्ष के अलावा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कंटेनमेंट क्षेत्र को सील करने और सैनिटाइजर का छिड़काव कराने के निर्देश दिए है। कंटेनमेंट क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की डोर स्टेप डिलीवरी के अलावा सभी सेवाएं प्रतिबंधित रहेंगी और किसी भी व्यक्ति को कंटेनमेंट एरिया से बाहर निकले की अनुमति प्रदान नहीं की जाएगी। उन्होंने एरिया में पुलिस बल तैनात कर सविलांस टीम को निगरानी करने के निर्देश दिए है।
कोरोना गाइड लाइन का पालन करने के निर्देश
बागपत। कोरोना संक्रमण के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए डीएम राजकमल यादव ने बृहस्पतिवार को जिला स्तरीय अधिकारी, तहसील स्तरीय अधिकारी, नगर पालिका, ब्लॉक व थानाध्यक्ष सहित सभी विभागीय अधिकारियों को कार्यालयों में कोरोना गाइड लाइन का पालन कराने के निर्देश दिए है। कार्यालय में आने वाले शिकायतकर्ताओं को 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के भी निर्देश दिए है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अधिक से अधिक जांच करने के निर्देश दिए।