-विद्युत लाइन के तार चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे दोनों
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट (बागपत)। गैंगस्टर के मामले में वांछित चल रहे 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश अक्षय और राहुल निवासी बिराल जिला मुजफ्फरनगर को पुलिस ने बृहस्पतिवार रात गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
विद्युत लाइन के तार चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले चोरों के गिरोह पर पुलिस ने 31 मई को गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। इसमें वांछित चल रहे अक्षय और राहुल निवासी बिराल जिला मुजफ्फरनगर की तलाश में पुलिस ने कई जगहों पर दबिश दी, लेकिन पकड़े नहीं गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। दोनों की तलाश में पुलिस की कई टीमों को लगाया गया। बृहस्पतिवार रात दोनों के अपने घर पर होने की सूचना मिली। इस मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर केवल सिंह ने बताया कि दोनों बदमाशों को उनके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार किया गया, जिन्हें जेल भेज दिया गया। दोनों के खिलाफ दोघट थाने में चार-चार मामले दर्ज हैं।