बागपत के अग्रवाल मंडी टटीरी के मीतली चौराहे के पास रोडवेज बस ने दो बाइक को कुचल दिया। इससे बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर घायल हो गए। आरोपी बस चालक, बस छोड़कर भाग गया।
सरूरपुर निवासी युवक अंकित, मोहित, ब्रिजेश और जोनी दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर रविवार को मेरठ रिश्तेदारी में जा रहे थे। जैसे ही वे मीतली चौराहे के पास पहुंचे, तभी मेरठ की ओर से आ रही रोडवेज बस ने बाइकों में टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार चारों युवक घायल हो गए। मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए।
आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। अंकित की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर किया। मेरठ के एक अस्पताल में अंकित ने दम तोड़ दिया। लोगों ने कहा घायल युवक हेलमेट पहने हुए नहीं थे। अंकित की सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हुई।
हादसे में युवक की जान गई
रमाला। शामली के गांव एलम निवासी विक्रांत उर्फ सोनू (20) साथी प्रशांत के साथ बाइक पर सवार होकर शनिवार रात दस बजे रमाला चीनी मिल से अपने घर लौट रहा था। जब वे ककड़ीपुर गांव के पास पहुंचे, तभी शामली की ओर से तेज गति से आ रहे कैंटर ने बाइक को रौंद दिया। कैंटर बाइक को 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गया।
इस दौरान बाइक में आग लग गई। विक्रांत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि प्रशांत गंभीर घायल हो गया। चालक कैंटर को छोड़कर भाग गया। लोगों ने घटना की पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में मृतक के परिजनों ने रमाला थाना पर कैंटर के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रमाला थाना प्रभारी सतीश चंद्रा का कहना है कि चालक का पता लगाने के प्रयास किए जा रहा है।