यमुना खादर में तहसीलदार व पुलिस से उलझता रेत माफिया।
- फोटो : amar ujala
बागपत के जागोस खादर में तहसीलदार ने छापा मारकर व्यापक पैमाने पर हो रहा रेत खनन पकड़ा। इस दौरान रेत खनन करने वालों में भगदड़ मच गई और रेत माफिया ट्रैक्टर-ट्राली लेकर भाग निकले। पुलिस कर्मियों ने खनन कर रहे लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस दौरान पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और हरियाणा के रेत माफिया से झड़प भी हुई। तहसीलदार ने कहा किसी भी हाल में यूपी में रेत खनन नहीं करने दिया जाएगा।
अमर उजाला ने रविवार के अंत में जागोस गांव में शुरू हुआ अवैध रेत खनन से संबंधित खबर प्रमुखता से छापी । खबर झपते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। रविवार को तहसीलदार राज बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ जागोस गांव के खादर में पहुंचे तो यूपी की सीमा में व्यापक पैमाने पर अवैध रेत खनन चल रहा था।
जब तहसीलदार पुलिस कर्मियों के साथ खादर में गए तो उन्हें देखकर रेत खनन कर रहे लोगों में भगदड़ मच गई और वे अपनी ट्रैक्टर-ट्रालियां लेकर यमुना नदी पार कर हरियाणा की सीमा में भाग निकले। कुछ मजदूरों को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसकी सूचना पर हरियाणा के रेत माफिया मौके पर पहुंचे और तहसीलदार और पुलिस से भिड़त गई। उनकी घंटों तक नोकझोंक चली।
तहसीलदार ने उन्हें रेत खनन करने के कागजात दिखाने को कहा तो वे कागजात भी नहीं दिखा सके और दबंगई दिखाते हुए कहा रेत खनन तो हर हाल में किया जाएगा, इसे कोई नहीं रोक सकता। इस पर तहसीलदार ने छपरौली थानाध्यक्ष को पुलिस बल के साथ मौके पर बुलाया। रेत माफिया अपनी जिद पर अड़े रहे। तहसील ने फिलहाल यूपी सीमा में रेत खनन बंद करा दिया और चेतावनी दी यदि रेत खनन किया तो सख्त कार्रवाई होगी।