क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक में जिम्मेदारों ने ही उड़ाई सोशल डिस्टेंसिग की धज्जियां
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। खंड विकास मुख्यालय परिसर में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक हुई। इसमें ब्लॉक क्षेत्र के विकास के लिए दो करोड़ के प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में खास बात यह रही कि इस दौरान न तो किसी ने मास्क का इस्तेमाल किया और न ही सैनिटाइजर व सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखा।
शुक्रवार को बीडीओ राहुल वर्मा के संचालन में संपन्न हुई बैठक में विभिन्न विकास कार्यों के क्रियान्वयन के लिए दो करोड़ की धनराशि के 110 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। ब्लाक प्रमुख के प्रतिनिधि अश्वनी उर्फ गुड्डू ने कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उधर, इस बैठक में किसी ने भी कोविड-19 के नियमों का पालन नहीं किया। न तो किसी ने मास्क का इस्तेमाल किया और न ही सैनिटाइजर व सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखा। इस संबंध में बीडीओ राहुल वर्मा का कहना था कि सभी को सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखने के लिए बीच-बीच में कहा जा रहा था। एसडीएम दुर्गेश मिश्र ने मामले की जांच कर रिपोर्ट डीएम को प्रेषित करने की बात कही है।